
IMD Alert for Weather: फरवरी के आखिरी दिनों में ही इस बार गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी थी. तेज धूप और बढ़ते तापमान को देखकर लगने लगा था कि मार्च–अप्रैल में ही सूरज आग उगलने लगेगा और लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी. लेकिन मौसम ने अचानक करवट ली. मार्च के आखिरी हफ्ते में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली. उत्तर भारत के कई हिस्सों में हुई बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया है, जिससे वातावरण सुहावना हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से के लिए तत्काल बारिश का अलर्ट जारी किया है.
ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिनभर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित देश के लगभग 20 राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है. कहीं हल्की से मध्यम बारिश तो कहीं तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. मौसम के इस अचानक बदलाव ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों और आम जनजीवन पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है. आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है.
देश के इन राज्यों में बदलेगा मौसम
उत्तर भारत में मौसम का मिजाज इन दिनों बदलता हुआ नजर आ रहा है. कई राज्यों के अलग-अलग जिलों में घने बादल छाए रहने के साथ तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम अचानक करवट ले सकता है. वहीं दूसरी ओर, पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है. कहीं बादल और बारिश की संभावना है, तो कहीं तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है. राजधानी दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां आज आसमान साफ रहने की उम्मीद है. तेज धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी होगी और अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
जानिए यूपी, पंजाब और हरियाणा का हाल
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है. आसमान साफ है और बारिश के कोई खास आसार नहीं दिख रहे हैं. हालांकि, तराई क्षेत्र के कुछ जिलों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, जिससे मौसम में थोड़ी नरमी महसूस हो सकती है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। वहीं, पंजाब और हरियाणा की बात करें तो यहां भी मौसम ज्यादातर साफ बना हुआ है. दिन में धूप तेज रहती है, लेकिन रात के समय तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है. इसके चलते सुबह और शाम का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना महसूस हो रहा है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है.
मध्य भारत में और पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेग मौसम?
मध्य प्रदेश में गर्मी ने अब तेज़ी पकड़नी शुरू कर दी है. राजधानी भोपाल से लेकर इंदौर तक, कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को दिन के समय खासा परेशान होना पड़ रहा है. धूप की तीव्रता बढ़ने के साथ ही गर्म हवाओं का असर भी महसूस किया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर, पहाड़ी राज्यों का मौसम कुछ अलग तस्वीर पेश कर रहा है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके चलते हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई जा रही है. खासकर उत्तराखंड के चारधाम क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे वहां का मौसम ठंडा बना हुआ है.




