पटना के पॉश इलाके में सुसाइड से सनसनी: शादी से पहले छात्रा ने दी जान, प्रेमी के बगल वाले फ्लैट में मिली लाश!

पटना के पॉश इलाके में सुसाइड से सनसनी: शादी से पहले छात्रा ने दी जान, प्रेमी के बगल वाले फ्लैट में मिली लाश

बिहार की राजधानी पटना में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. भागलपुर की रहने वाली 25 वर्षीया युवती ने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. चौंकाने वाली बात यह है कि युवती अपने प्रेमी के साथ उसी मकान में रहती थी और जल्द ही दोनों की शादी होने वाली थी. घटना पटना के पॉश इलाके श्रीकृष्णापुरी की है.

मिली जानकारी के अनुसार, युवती कस्तूरबा नगर में एक फ्लैट में रहकर पढ़ाई कर रही थी. उसी मकान के दूसरे फ्लैट में उसका प्रेमी भी रहता था. शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे तक दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद युवती अपने कमरे में सोने चली गई. शनिवार की सुबह जब प्रेमी ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. अनहोनी की आशंका होने पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया और कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा गया.

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

जैसे ही दरवाजा टूटा, अंदर का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई. युवती फंदे से लटकी हुई थी. प्रेमी और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा और दीघा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए. हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शव को वापस लाया गया और पुलिस व परिजनों को सूचित किया गया.

कोई सुसाइड नोट नहीं, रहस्य बरकरार

घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता चल सके. पुलिस ने फिलहाल कमरे को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम (FSL) को बुलाया है. युवती के माता-पिता सूचना मिलते ही भागलपुर से पटना पहुंचे. पुलिस प्रेमी और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या दोनों के बीच कोई विवाद था या युवती किसी मानसिक तनाव में थी,

जांच में जुटी पुलिस

श्रीकृष्णापुरी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है. पोस्टमार्टम के बाद पटना के दीघा घाट पर ही युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया. पुलिस सूत्रों का कहना है कि मोबाइल कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट की भी जांच की जा रही है ताकि मौत की गुत्थी सुलझ सके. फिलहाल, पुलिस परिजनों के आधिकारिक बयान का इंतजार कर रही है ताकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके.

ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply