72 घंटे पहले तैयार किया था हत्या का ब्लू-प्रिंट… लखनऊ में किराएदार के इश्क में बहू ने सास को मारने की कैसे बनाई प्लानिंग? डॉग स्क्वायड ने किया पर्दाफाश!

72 घंटे पहले तैयार किया था हत्या का ब्लू-प्रिंट… लखनऊ में किराएदार के इश्क में बहू ने सास को मारने की कैसे बनाई प्लानिंग? डॉग स्क्वायड ने किया पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में हुई बुजुर्ग महिला निर्मला देवी की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. यह महज कोई लूट या आकस्मिक वारदात नहीं थी, बल्कि एक सुनियोजित कोल्ड ब्लडेड मर्डर था. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बहू ने अपने प्रेमी (किराएदार) के साथ मिलकर 3 दिन पहले ही अपनी सास को रास्ते से हटाने का ब्लू-प्रिंट तैयार कर लिया था.

21 मार्च को निशातगंज की गली नंबर-3 में रहने वाली 69 वर्षीया निर्मला देवी का शव उनके घर में मिला था. पहली नजर में यह मामला लूट का लग रहा था, क्योंकि शरीर से जेवर गायब थे. लेकिन पुलिस की पैनी नजर और डॉग स्क्वायड की सूंघने की शक्ति ने महज 24 घंटे के भीतर कातिल बहू रंजना और उसके प्रेमी राजन शर्मा को बेनकाब कर दिया. 22 मार्च को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

3 महीने में बढ़ा प्यार, 3 दिन में बना मर्डर प्लान

पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी राजन शर्मा करीब 3 साल पहले निर्मला देवी के घर में किराएदार बनकर आया था. तीन-चार महीने के भीतर ही मकान मालिक की पत्नी रंजना और राजन के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. इस अवैध प्रेम प्रसंग की भनक पति त्रिदेश और सास निर्मला देवी को लग गई थी, जिसके कारण घर में आए दिन कलेश होता था.

निर्मला देवी अपने बेटे का पक्ष लेती थीं, जो रंजना को खटकने लगा था. विवाद इतना बढ़ा कि 3 दिन पहले से सास ने अपना खाना अलग बनाना शुरू कर दिया था. इसी दौरान रंजना और राजन ने तय किया कि जब तक निर्मला जीवित हैं, वे चैन से नहीं रह पाएंगे. उन्होंने हत्या कर उसे लूट का रूप देने की साजिश रची.

हाथ-पांव बांधकर साड़ी से घोंटा गला

21 मार्च को जब पति त्रिदेश बिजली विभाग की ड्यूटी पर थे और पोता डिलीवरी बॉय के काम से बाहर गया था, तब रंजना ने मौका पाकर प्रेमी राजन को बुलाया. दोनों ने मिलकर बुजुर्ग निर्मला देवी के हाथ-पैर बांध दिए और साड़ी से गला घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद साजिश के तहत रंजना ने सास के शरीर से सारे जेवर उतारकर छिपा दिए ताकि पुलिस इसे लूट समझे.

CCTV और डॉग स्क्वायड ने खोली पोल

कातिल बहू कितनी शातिर थी, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोपहर 2 से शाम 4 बजे के बीच घर के CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे. शाम 4 बजे जब पोता घर लौटा और दादी की लाश देखी, तब रंजना बाहर से अनजान बनकर प्रेमी के साथ घर पहुंची और रोने का नाटक करने लगी.

हालांकि, पुलिस के स्निफर डॉग ने सारा खेल बिगाड़ दिया. डॉग सूंघते हुए सीधे भीड़ में खड़े प्रेमी राजन के पास जाकर रुक गया. जब पुलिस ने 4 बजे के बाद के फुटेज देखे, तो बहू और प्रेमी एक साथ घर से बाहर जाते दिखे, जिससे शक यकीन में बदल गया.

बिखरा परिवार, सलाखों के पीछे आरोपी

मृतका निर्मला देवी के पति सचिवालय से रिटायर्ड थे, जिनकी 2 साल पहले मौत हो चुकी है. इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है. आरोपी बहू के तीन बच्चे (एक बेटा और दो बेटियां) अब अपने पिता के पास हैं. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल साड़ी और छिपाए गए जेवर बरामद कर लिए हैं. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। मृतका का अंतिम संस्कार भैंसाकुंड में कर दिया गया है.

Leave a Reply