
Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम तेजी से बदलने वाला है. आज तेज धूप के बीच हल्के बादल रहेंगे, लेकिन 26 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश, आंधी और तूफान का दौर शुरू होगा. राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाकों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, आज 25 मार्च को दिन में हल्की बादलों की आवाजाही रहेगी, लेकिन धूप तेज बनी रहेगी. आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिनभर आसमान में बादल आते-जाते रहेंगे, लेकिन गर्मी का असर बना रहेगा. बीते 24 घंटों के दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिससे हल्की ठंडक जरूर महसूस हुई, लेकिन धूप की वजह से तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बना हुआ है.
कल से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 25 मार्च की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा. इसका असर 26 मार्च से दिल्ली-एनसीआर में साफ तौर पर देखने को मिलेगा. इस दौरान मौसम पूरी तरह बदल सकता है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
26 से 29 मार्च तक बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 से 29 मार्च के बीच दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ-साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. लगातार बारिश की वजह से तापमान 30 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना हो जाएगा.
किसानों की बढ़ी चिंता
हालांकि यह मौसम आम लोगों के लिए राहत लेकर आ सकता है, लेकिन किसानों के लिए चिंता का कारण बन सकता है. इस समय कई फसलें तैयार खड़ी हैं, ऐसे में तेज बारिश और तूफान से फसलों को नुकसान होने का खतरा बढ़ गया है. खासकर गेहूं और सरसों जैसी फसलों पर इसका असर पड़ सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अगले कुछ दिनों में मौसम का ध्यान रखें. तेज हवाओं और बारिश के दौरान बाहर निकलने से बचें और जरूरी होने पर ही यात्रा करें. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से काफी बदलाव वाले रहने वाले हैं, आज गर्मी और धूप, तो कल से बारिश और ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो सकता है.





