
Hybrid Solar AC: गर्मी का मौसम आते ही उत्तर भारत समेत पूरे देश में बिजली का बिल लोगों को सताने लगता है. उमस और तपती गर्मी से राहत पाने के लिए एयर कंडीशनर (AC) चलाना लोगों की मजबूरी बन जाता है लेकिन महीने के अंत में आने वाला भारी-भरकम बिल बजट को बिगाड़ देता है. अगर आप भी इसी समस्या से परेशान हैं तो सोलर AC आपके लिए एक कमाल का विकल्प साबित हो सकता है. आप अपने घर पर सोलर एसी लगवा कर हर महीने बढ़ते हुए बिजली के बिल से राहत पा सकते हैं और गर्मी में बिना किसी टेंशन के ठंडी हवा का मजा ले सकते हैं.
क्या है सोलर AC और यह कैसे काम करता है?
जैसे सामान्य AC गर्मी को दूर करते हुए कूलिंग देता है ठीक वैसे ही सोलर AC भी कूलिंग देता है. लेकिन फर्क सिर्फ इतना ही है कि सोलर एसी बिजली की खपत के लिए सूरज की रोशनी का इस्तेमाल करता है. इसके लिए सबसे बेहतर विकल्प हाइब्रिड AC यूनिट है. हाइब्रिड मॉडल की खासियत यह होती है कि यह सोलर पावर बिजली ग्रिड दोनों पर काम कर सकता है. यानी अगर मौसम ठीक नहीं है और धूप कम है तो वही AC बिजली ग्रिड पर काम कर सकता है.
पैनल की जरूरत
अगर आप 1 टन का AC लेते हैं तो इसे सोलर से चलाने के लिए कम से कम 1.5KW के सोलर पैनल सिस्टम की आवश्यकता होती है. अब बात करते हैं कि इसमें कितने सोलर पैनल आपको लगवानें पड़ेंगे. तो इसका जवाब है कि आप कितने वॉट का एक पैनल चुनते हैं. अगर आप 540W – 550W वॉट वाले पैनल लेते हैं तो लगभग 3 पैनल चाहिए होंगे, वहीं अगर आप 330W- 340W वॉट का पैनल चाहिए तो आपको लगभग 4 से 5 पैनल लेने होंगे.
सोलर पैनल पर आने वाला खर्च
अगर आप सोलर AC के लिए पैनल लगवाने का सोच रहे हैं तो यह एक वन -टाइम इन्वेस्टमेंट होगा. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मार्केट रेट के मुताबिक 1.5KW सोलर पैनल सिस्टम लगवाने का खर्च लगभग 1.20 लाख रुपये से 1.50 लाख रुपये के बीच आ सकती है.
इस बात का भी रखें ध्यान
अगर आप दिन के समय AC चलाते हैं तो यह सीधे सोलर एनर्जी से चलेगा, जिससे बिजली का बिल शून्य हो जाएगा. लेकिन अगर आप रात में भी AC चलाना चाहते हैं तो आपको बैटरी बैकअप चाहिए या फिर रात के समय बिजली का उपयोग करना होगा.
सरकार देती है सब्सिडी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सोलर पैनल लगवाना अब पहले से कहीं ज्यादा सस्ता हो गया है. केंद्र सरकार की PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर सिस्टम लगवाने पर सब्सिडी भी मिलती है. इसके अलावा कई राज्य सरकारें भी अपनी ओर से अतिरिक्त सब्सिडी देती हैं. सरकार की इन योजनाओं का लाभ उठाकर आप सोलर पैनल की कुल लागत को काफी कम कर सकते हैं. इससे न सिर्फ आपके घर का AC फ्री में चलेगा साथ ही आप हर महीने आने वाले बिल की टेंशन से भी फ्री हो जाएंगे.




