
नर्मदापुरम : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त चिंता में बदल गईं, जब एक 10 साल के मासूम बच्चे की कलाई पर बंधी स्मार्ट वॉच अचानक फट गई।
इस धमाके में बच्चा बुरी तरह झुलस गया है और उसके पास बैठा उसका छोटा भाई भी इस हादसे की चपेट में आ गया। यह घटना तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करती है।
कैसे और कहां हुई यह घटना?
यह पूरी घटना नर्मदापुरम के इटारसी रोड पर स्थित एक मैरिज गार्डन की है। जानकारी के अनुसार ग्राम चांदोन के रहने वाले दो भाई वेदांत चौधरी और सूर्यांश चौधरी अपनी बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए आए थे। रविवार रात करीब जब शादी का कार्यक्रम चल रहा था तब दोनों भाई एक साथ बैठे हुए थे।
बाजू में बैठा भाई भी झुलस गया
वेदांत ने अपने हाथ में स्मार्ट वॉच पहन रखी थी। अचानक घड़ी में एक जोरदार विस्फोट हुआ और उससे धुआं निकलने लगा।
धमाका इतना तेज था कि वेदांत के हाथ की खाल बुरी तरह छिल गई और वह झुलस गया। पास बैठे सूर्यांश को भी हल्की चोटें आईं।
चार दिन पहले की थी चार्ज
जानकारी के अनुसार यह स्मार्ट वॉच Noise कंपनी की थी। इसे लगभग एक साल पहले ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के जरिए मंगवाया गया था। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घड़ी को घटना के समय चार्ज पर नहीं लगाया गया था।
इसे आखिरी बार चार दिन पहले चार्ज किया गया था। अचानक बिना किसी बाहरी कारण या ओवरहीटिंग के घड़ी का फटना तकनीकी खराबी की ओर इशारा करता है।
स्मार्ट गैजेट्स का उपयोग करते समय ये बरतें सावधानियां
आजकल बच्चों और बड़ों में स्मार्ट वॉच का क्रेज बहुत बढ़ गया है, लेकिन ऐसी घटनाएं सतर्क रहने की चेतावनी देती हैं।
हमेशा घड़ी के साथ आए ओरिजिनल चार्जर का ही इस्तेमाल करें। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। मोबाइल एडाप्टर से चार्ज न करें।
बैटरी फुल होने के बाद प्लग को हटा दें। रातभर चार्जिंग पर लगाकर न छोड़ें।
अगर घड़ी कहीं से टूट गई है या उसकी स्क्रीन क्रैक है, तो उसे न पहनें। इसमें नमी जाने से शॉर्ट सर्किट हो सकता है।
यदि पहनते समय घड़ी असामान्य रूप से गरम महसूस हो, तो उसे तुरंत कलाई से उतार दें।
सस्ती घड़ियों में जो बैटरियां इस्तेमाल होती हैं, वो दबाव या ज्यादा गर्मी झेल नहीं पातीं और फट जाती हैं।
अगर वॉच में पानी या पसीना चला जाए तो शॉर्ट सर्किट हो सकता है। इससे बैटरी गर्म हो सकती है और ब्लास्ट कर सकती है।
अगर घड़ी की बॉडी या स्क्रीन थोड़ी सी उभरी हुई दिखे, तो समझ जाइए कि बैटरी खराब हो चुकी है।
घड़ी से प्लास्टिक जलने की या किसी केमिकल की महक आने पर घड़ी का इस्तेमाल बंद कर दें।
अगर स्क्रीन अचानक काली हो जाए या झिलमिलाने लगे, तो ये अंदरूनी गड़बड़ी का संकेत हो सकता है।
बच्चों को रात में सोते वक्त घड़ी पहनकर न सोने दें, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में बचाव हो सके।
भले ही घड़ी वाटरप्रूफ हो, फिर भी उसे नहाते समय या स्विमिंग करते वक्त उतारना ही सुरक्षित है।





