Lungi Ngidi Comeback: IPL 2026 के बीच दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। टीम के तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी जल्द ही मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार हैं, जिससे टीम को आने वाले मैचों में बड़ा सहारा मिलेगा। दिल्ली कैपिटल्स के बॉलिंग कोच और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मुनफ पटेल ने एंगिडी की फिटनेस को लेकर अहम अपडेट दिया है। उन्होंने साफ किया कि एंगिडी अब पूरी तरह फिट हैं और टीम के लिए खेलने के लिए तैयार हैं।

कब होगी वापसी?
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, लुंगी एंगिडी ने कंकशन प्रोटोकॉल के तहत निर्धारित 6 दिन का आराम पूरा कर लिया है। इसके बाद अब उन्हें खेलने के लिए हरी झंडी मिल गई है। ऐसे में उम्मीद है कि एंगिडी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के अगले मुकाबले में मैदान पर उतर सकते हैं। एंगिडी की वापसी दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देगी, खासकर ऐसे समय में जब टीम को लगातार जीत की सख्त जरूरत है। अब देखना होगा कि उनकी वापसी टीम के प्रदर्शन पर कितना असर डालती है।
मैदान पर लगी थी गंभीर चोट
गौरतलब है कि 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स बनाम पंजाब किंग्स मैच के दौरान सिर में चोट लगने के कारण लुंगी एंगिडी ने कुछ मैच मिस किए थे। लुंगी एंगिडी कैच लेने की कोशिश करते समय सिर के बल जमीन पर गिरे थे। उनका सिर मैदान से काफी जोर से टकराया था। चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और उनकी हालत स्थिर बताई गई। अब वे दोबारा ट्रेनिंग पर लौट आए हैं।
प्लेऑफ की रेस में शामिल दोनों टीमें
दिल्ली कैपिटल्स अब IPL 2026 के अपने अगले मैच में 5 मई को चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करने उतरेगी। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। दिल्ली और चेन्नई दोनों टीमों के लिए ये मैच समान रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि दोनों ही टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने की रेस में शामिल हैं। CSK 9 मैचों में 4 जीत के साथ इस समय पॉइंट्स टेबल में 6वें स्थान पर है, जो DC से एक पायदान ऊपर है। दिल्ली कैपिटल्स 9 मैचों में 8 पॉइंट्स के साथ 7वें स्थान पर है। दिल्ली और CSK के वैसे तो बराबर पॉइंट्स हैं। हालांकि, बेहतर नेट रन रेट के कारण CSK की टीम दिल्ली कैपिटल्स से आगे है।





