बाबर आजम को नया जीवन मिलने की उम्मीद जागी है। इंटरनेशनल क्रिकेट में तो बाबर का बल्ला पूरी तरह से खामोश है, लेकिन हाल ही में पीएसएल के दौरान उन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी की और दो शतक ठोक दिए। इसके बाद उनकी उम्मीदें एक बार फिर से बढ़ना शुरू हो गई हैं। अब उन्होंने अपनी दिली ख्वाहिश जाहिर की है। वे फिर से पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलना चाहते हैं। फिलहाल तो पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने जा रही है, जिसमें बाबर आजम भी नजर आएंगे।

बाबर आजम की कप्तानी में पेशावर जाल्मी ने जीता पीएसएल का खिताब
पाकिस्तान सुपर लीग में बाबर आजम टीम की कप्तानी कर रहे थे। वे फाइनल में शून्य पर आउट हुए, लेकिन इसके बाद भी टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान दो शतक लगाए। वैसे तो बाबर आजम एक वक्त पर पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट खेल रहे थे। वे कप्तानी भी कर रहे थे, लेकिन धीरे धीरे ना केवल उनसे कप्तानी ले ली गई, बल्कि टीम से भी बाहर होते चले गए।
टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तानी टीम से भी बाहर रहे
इस साल की शुरुआत में जब आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन किया गया तो उसमें भी बाबर आजम अपनी टीम का हिस्सा नहीं थे। हालांकि पेशावर जाल्मी की कप्तानी करते हुए बाबर ने जिस तरह का खेल दिखाया, उसके बाद उनके क्रिकेट करियर को नया जीवन मिल गया है। इस बीच बाबर आजम ने कहा है कि उनका फोकस तीनों फॉर्मेट पर है, उनका कहना है कि एक बैटर को सारे फॉर्मेट खेलना चाहिए।
बांग्लादेश टेस्ट सीरीज तय करेगी बाबर का भविष्य
बाबर आजम ने दिसंबर 2022 में टेस्ट क्रिकेट में अपना आखिरी शतक लगाया था। हालांकि अब बाबर आजम के पास मौका होगा, जब वे बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए मैदान में उतरेंगे। ये मुकाबला आठ मई यानी शुक्रवार से शुरू होगा। टीम की कमान शान मसूद के हाथ में है, लेकिन बाबर टीम के अहम मैंबर होंगे। बाबर आजम आज की तारीख में पाकिस्तान की किसी भी टीम के कप्तान नहीं हैं। लेकिन ये टेस्ट सीरीज ये जरूर तय करेगी कि उनका करियर कितना आगे तक जाएगा या फिर यहीं पर समाप्त हो जाएगा। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। बाबर आजम के प्रदर्शन पर सभी की नजर रहेगी।





