चोट लगने के बाद अक्सर लोग तुरंत टेटनस का इंजेक्शन लगवाने की सलाह देते हैं. कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि क्या हर छोटीबड़ी चोट पर टेटनस का इंजेक्शन जरूरी होता है या नहीं. टेटनस एक गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण है, जो शरीर के नर्वस सिस्टम को प्रभावित कर सकता है. यह संक्रमण आमतौर पर गंदगी या संक्रमित चीजों के संपर्क में आने से फैलता है. हालांकि हर चोट में इसका खतरा समान नहीं होता.

कई बार लोग बिना जरूरत इंजेक्शन लगवा लेते हैं, जबकि कुछ स्थितियों में इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है. सही जानकारी की कमी के कारण लोग अक्सर भ्रम में रहते हैं कि कब इंजेक्शन जरूरी है और कब नहीं. इसलिए यह समझना जरूरी है कि चोट लगने के बाद किन बातों पर ध्यान देना चाहिए और समय रहते सही कदम क्यों जरूरी होते हैं. सही जानकारी और सावधानी से टेटनस के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
किन चोटों में टेटनस का खतरा ज्यादा होता है?
लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर एचओडी डॉ. एल.एच. घोटेकर बताते हैं कि कुछ प्रकार की चोटों में टेटनस का खतरा ज्यादा माना जाता है, जैसे गहरे घाव, नुकीली चीज से लगी चोट या ऐसी चोट जिसमें गंदगी और मिट्टी का संपर्क हो. जंग लगी चीजों से लगी चोट को भी लोग टेटनस से जोड़कर देखते हैं, क्योंकि ऐसी सतहों पर बैक्टीरिया मौजूद हो सकते हैं. अगर घाव ठीक से साफ न किया जाए या लंबे समय तक खुला रहे, तो संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है.
इसके अलावा, जानवर के काटने या सड़क पर गिरने से लगी चोटों में भी सावधानी जरूरी होती है. जिन लोगों का टेटनस वैक्सीनेशन समय पर नहीं हुआ हो, उनमें जोखिम और बढ़ सकता है. इसलिए चोट की गंभीरता और स्थिति को समझना जरूरी होता है.
कब टेटनस का इंजेक्शन लगवाना जरूरी होता है?
टेटनस का इंजेक्शन कब जरूरी होगा, यह चोट की स्थिति और व्यक्ति की पिछली वैक्सीनेशन हिस्ट्री पर निर्भर करता है. अगर लंबे समय से टेटनस की वैक्सीन नहीं लगी हो और चोट गहरी या संक्रमित हो, तो डॉक्टर इंजेक्शन की सलाह दे सकते हैं.
कुछ मामलों में छोटी चोट में भी सावधानी बरतना जरूरी होता है. इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के कोई फैसला लेने के बजाय विशेषज्ञ से संपर्क करना बेहतर माना जाता है.
टेटनस का इंजेक्शन कब नहीं लगवाना चाहिए?
अगर चोट बहुत हल्की हो, जैसे मामूली खरोंच या साफ सतह पर लगी छोटी चोट और आपने पिछले 5 से 10 साल के अंदर टेटनस वैक्सीन लगवाई हो, तो आमतौर पर टेटनस का इंजेक्शन दोबारा लगाने की जरूरत नहीं पड़ती.
हालांकि, यह चोट की स्थिति और आपकी वैक्सीनेशन हिस्ट्री पर निर्भर करता है. इसलिए किसी भी भ्रम की स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर होता है.
चोट लगने के बाद तुरंत क्या करना चाहिए?
चोट लगने के बाद सबसे पहले घाव को साफ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए, ताकि गंदगी बाहर निकल सके. इसके बाद एंटीसेप्टिक लगाकर घाव को साफ रखें. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। अगर चोट गहरी हो, खून ज्यादा बह रहा हो या सूजन बढ़ रही हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. समय पर सही इलाज और देखभाल संक्रमण के खतरे को कम करने में मदद करती है.





