पाकिस्तान की टीम 8 मई से बांग्लादेश के दौरे पर खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वहां कुछ दिन पहले पहुंच गई थी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 202527 का हिस्सा ये टेस्ट सीरीज दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है, जिसमें पाकिस्तानी टीम अभी इसमें 5वें नंबर पर है। वहीं बांग्लादेश की टीम 8वें नंबर पर है। इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ढाका के शेर ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं इस टेस्ट सीरीज से पहले पाकिस्तानी टीम के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने ये साफ किया है कि उनकी टीम का लक्ष्य सिर्फ इस सीरीज को जीतना ही नहीं बल्कि इससे भी बड़ा है।

हम WTC जीतने की तैयारी कर रहे हैं
बांग्लादेश की टीम के खिलाफ पाकिस्तान ने पिछली टेस्ट सीरीज अपने घर पर खेली थी, जिसमें दो मुकाबले खेले गए थे और दोनों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसी को लेकर शाहीन अफरीदी ने कहा कि जो बीत गया, सो बीत गया। मैं निजी तौर पर इस बारे में अधिक सोचना नहीं चाहता। हमारा टारगेट अभी वर्तमान और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना है। हम सिर्फ एक सीरीज जीतने की नहीं, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतने की तैयारी कर रहे हैं। एक टीम के रूप में हमारे लक्ष्य बड़े हैं और हम इसके लिए तैयार हैं। हमें पाकिस्तान में इस टेस्ट सीरीज की तैयारी को लेकर समय मिला था और अब पिछले दोतीन दिनों से हम यहां तैयारी कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि यहां के हालात हमारे अनुकूल होंगे, जिससे हम यहां अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेल सकें।
टेस्ट फॉर्मेट में हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा
शाहीन अफरीदी ने अपने बयान में आगे कहा कि हमने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस साइकल में अभी सिर्फ एक सीरीज खेली है जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर थी। हम उस सीरीज में सिर्फ एक टेस्ट मैच जीत सके और एक में हमें हार का सामना करना पड़ा। हम सिर्फ एक सीरीज पर ध्यान नहीं दे रहे हैं हमारा टारगेट फाइनल में जगह बनाना है जिसमें इस बात को पूरी टीम समझती है। बता दें कि अभी मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के साइकल में पाकिस्तानी टीम 5वें नंबर पर है जिसमें उसके अंकों का प्रतिशत 50 है।
पिछली तीन WTC में उनके प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें साल 201921 की WTC में पाकिस्तानी टीम ने 5वें नंबर पर खत्म किया था, इसके बाद साल 202123 WTC में 7वें नंबर पर रही थी, जबकि पिछली WTC 202325 में पाकिस्तान की टीम अंतिम पायदान 9वें नंबर पर रही थी। ऐसे में शाहीन अफरीदी का इस बार फाइनल में पहुंचने को लेकर आया ये बयान किसी बड़बोलापन से कम नजर नहीं आ रहा है।





