इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 50वां लीग मुकाबला लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के बीच में लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में आरसीबी टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। इस मैच में आरसीबी की तरफ से खेल रहे अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने मैदान पर उतरने के साथ अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली, जिसमें वह एक खास लिस्ट का भी हिस्सा बन गए।

भुवनेश्वर इस उपलब्धि को हासिल करने वाले बने पहले तेज गेंदबाज
आईपीएल इतिहास में भुवनेश्वर कुमार पहले ऐसे तेज गेंदबाज बन गए हैं जो 200 मैचों का आंकड़ा पूरा करने में कामयाब हुए हैं। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इस सीजन अभी तक भुवनेश्वर कुमार का गेंद से शानदार प्रदर्शन भी देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 9 मैचों में 17 विकेट हासिल किए हैं। भुवनेश्वर कुमार ने 200 मैच पूरे होने पर अपनी खुशी को जाहिर करते हुए इस उपलब्धि को लेकर कहा कि ये सच में काफी स्पेशल है 200 मैच खेलना अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। मैं बहुत खुश महसूस कर रहा हूं। मुझे लगता है कि सबसे अच्छी बात यह है कि मैं यह उपलब्धि उस टीम के साथ हासिल कर रहा हूं जिसने पिछले सीजन ट्रॉफी को अपने नाम किया था और मेरे लिए इससे बेहतर क्या हो सकता था।
आईपीएल में 200 मैचों का आंकड़ा पूरा करने वाले सिर्फ 12वें खिलाड़ी
भुवनेश्वर कुमार आईपीएल इतिहास में सिर्फ 12वें ऐसे खिलाड़ी बने हैं जो 200 या उससे अधिक मुकाबले खेलने में कामयाब हो सके हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर एमएस धोनी का नाम है जिन्होंने अब तक आईपीएल में कुल 278 मुकाबले खेले हैं, तो वहीं इसके बाद दूसरे और तीसरे पर रोहित शर्मा और विराट कोहली का नाम है। इस लिस्ट में अब तक 200 या उससे अधिक मुकाबले खेलने के मामले में सिर्फ भारतीय प्लेयर्स ये उपलब्धि हासिल करने में कामयाब हुए हैं, जबकि आईपीएल में विदेशी खिलाड़ी के तौर पर सबसे ज्यादा मैच सुनील नरेन ने खेले हैं जो अब तक कुल 197 मुकाबले खेल चुके हैं।





