Pandharpur Fraud Case: पंढरपुर में नाना वीरकर उर्फ गुरुमाऊली पर भक्तों से लाखों रुपये की ठगी और जादू-टोने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

Solapur Crime News: कुछ दिन पहले सोलापुर जिले में भविष्य बदलने और बिजनेस में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाले मनोहर भोसले उर्फ मनोहर मामा को गिरफ्तार किया था। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सोलापुर जिले में पैसे की ठगी और जादू-टोने से जुड़ा एक और नया मामला सामने आ गया। माढ़ा तालुका के अडेगांव निवासी नाना वीरकर उर्फ ‘गुरुमाऊली’ के खिलाफ पंढरपुर में भक्तों से ठगी करने के आरोप में टेंभुर्णी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नाना वीरकर ने ठगी का जाल बिछाकर कई लोगों को अपने जाल में फंसाया। पंढरपुर के यशवंत जाधव और नीलेश भोइते ने इस संबंध में टेंभुर्णी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि नाना वीरकर ने ‘पैसों की बारिश’ कराने का लालच देकर तीन लाख रुपये में कछुआ बेचा। इतना ही नहीं, घर में धन आने का दावा करते हुए उसने कई तरह के जादू-टोने और कथित धार्मिक उपायों के नाम पर भक्तों से ठगी की।
चला रहा खुलेआम अपना काला धंधा
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, यह आरोपी किसी से नहीं डरता था। वह लोगों से कहता था कि तेजस्विनी सातपुते उसकी भक्त हैं और कई विधायक तथा सांसद उसके परिचित हैं। साथ ही वह यह धमकी भी देता था कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। बताया जा रहा है कि वह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और नेताओं के नाम का इस्तेमाल कर खुलेआम अपना काला धंधा चला रहा था।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया
मामला दर्ज होते ही टेंभुर्णी पुलिस ने तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए आश्रम में छापा मारा। उस समय नाना वीरकर अपने भाई के साथ सो रहा था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उनके खिलाफ महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन एवं काला जादू विरोधी कानून के साथ-साथ वित्तीय धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।





