EPFO Updates: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ ने अपने सदस्यों के लिए एक जरूरी सूचना जारी की है। ये सूचना, ईपीएफओ के पोर्टल पर जारी की गई है, जो प्रत्येक सदस्य यानी ईपीएफओ के अधीन आने वाले कर्मचारियों के लिए न सिर्फ बहुत जरूरी है बल्कि बहुत महत्वपूर्ण भी है। ईपीएफओ द्वारा जारी की गई ये सूचना कर्मचारियों के पीएफ खाते की सुरक्षा से जुड़ी हुई है। लिहाजा, पीएफ खाते में जमा आपके सालों की कड़ी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए ये सूचना काफी महत्वपूर्ण है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। ईपीएफओ ने अपने सभी सदस्यों से खाते में दिए गए मोबाइल नंबर जांचने की अपील की है।

ईपीएफओ खाते के लिए क्यों जरूरी है मोबाइल नंबर
ईपीएफओ ने कहा कि अगर किसी सदस्य के खाते में दर्ज किया गया मोबाइल नंबर उसका नहीं है, तो बिना समय गंवाए इसमें अपना मोबाइल नंबर अपडेट करें। अगर संभव हो तो अपने आधार से लिंक मोबाइल नंबर का ही इस्तेमाल करें। बताते चलें कि मोबाइल नंबर का इस्तेमाल पासवर्ड भूल जाने, पीएफ बैलेंस की जानकारी और कंपनी द्वारा योगदान भुगतान पर मैसेज प्राप्त करने के लिए किया जाता है। अगर आपके खाते में किसी अन्य व्यक्ति का मोबाइल नंबर दर्ज है तो आपके खाते से जुड़ी सभी जानकारियां उस व्यक्ति के पास पहुंचती रहेंगी। ऐसे में आपके खाते के साथ छेड़छाड़ भी की जा सकती है।
आधार से लिंक मोबाइल नंबर बहुत जरूरी
ईपीएफओ ने बताया कि ईनॉमिनेशन और क्लेम फाइल करने के लिए सिर्फ आधार से लिंक मोबाइल नंबर ही काम आता है। अगर आपके खाते में आधार से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है तो आप ईनॉमिनेशन और क्लेम फाइल नहीं कर सकते हैं। इसके अलावा, केवाईसी अपडेट करने के लिए भी आपको आधार से लिंक मोबाइल नंबर की ही जरूरत पड़ेगी। दरअसल, केवाईसी अपडेट के लिए आने वाला ओटीपी सिर्फ आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर पर ही प्राप्त होता है। ईपीएफओ ने अपने सदस्यों को सलाह दी है कि अगर आपके पास एक से ज्यादा UAN हैं, तो पुराने UAN को मौजूदा UAN में ट्रांसफर करने के लिए तुरंत आवेदन करें।





