अभिनेत्री मौनी रॉय ने अपने पति सूरज नांबियार के साथ तलाक की अफवाहों के बीच मीडिया से निजी जिंदगी में दखल न देने की अपील की है। हाल ही में दोनों को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिनमें दावा किया गया कि उनकी शादीशुदा जिंदगी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में तो यहां तक कहा गया कि दोनों अलग रह रहे हैं। अब इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए मौनी ने लोगों से झूठी बातें फैलाने से बचने को कहा है।

बुधवार को मौनी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक छोटा सा नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा, ”सभी मीडिया हाउसेज़ से विनम्र निवेदन है कि गलत कहानियां प्रकाशित न करें और हमें थोड़ा स्पेस और प्राइवेसी दें। प्लीज।” इसके साथ उन्होंने हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी लगाया। बताया जा रहा है कि पहले उनकी टीम ने इन अफवाहों को खारिज किया था, लेकिन बाद में इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
दरअसल, चर्चा तब तेज हुई जब सोशल मीडिया यूज़र्स ने नोटिस किया कि मौनी और सूरज ने इंस्टाग्राम पर एकदूसरे को अनफॉलो कर दिया है। इसके बाद खबर आई कि सूरज ने मंगलवार शाम अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिएक्टिवेट कर दिया। इसी बीच ऐसी चर्चाएं भी सामने आईं कि मौनी की करीबी दोस्त दिशा पाटनी ने भी सूरज को अनफॉलो कर दिया था।
मौनी और दिशा की दोस्ती सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा में रहती है। दोनों कई बार साथ में वेकेशन, डिनर और गर्ल्स ट्रिप की तस्वीरें शेयर करती रही हैं।
इसी बीच मौनी ने अपनी दोस्त और प्रोड्यूसर Roopali Kadyan के जन्मदिन पर भी एक खास पोस्ट शेयर की। उन्होंने तस्वीरों के साथ लिखा कि रोपाली उनकी जिंदगी का बेहद अहम हिस्सा हैं और वह उनसे बहुत प्यार करती हैं।
मौनी और सूरज की लव स्टोरी की बात करें तो दोनों की पहली मुलाकात साल 2019 में दुबई में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी। कोविड महामारी के दौरान मौनी लंबे समय तक दुबई में रहीं, जिसके बाद उनके रिश्ते की खबरें सामने आने लगीं।
आखिरकार 27 जनवरी 2022 को दोनों ने गोवा में बंगाली और मलयाली रीतिरिवाजों से शादी की थी। शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए मौनी ने लिखा था, ”आखिरकार मुझे मेरा हमसफर मिल गया… परिवार और दोस्तों के आशीर्वाद के साथ हम शादीशुदा हैं।”
सूरज नांबियार दुबई बेस्ड बिजनेसमैन और इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने London School of Economics and Political Science से फाइनेंशियल और मैनेजेरियल अकाउंटिंग की पढ़ाई की है और बाद में अपने फैमिली बिजनेस से जुड़ गए।





