अनार अंदर से लाल और मीठा है या नहीं, इन आसान तरीकों से करें पहचान​

अनार का सेवन शरीर को बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह हार्ट को स्वस्थ रखने से लेकर त्वचा तक की चमक बढ़ाने और शरीर में खून की कमी दूर करने तक कई तरह से लाभ पहुंचाता है। लेकिन सबसे बड़ी परेशानी अनार खरीदते समय होती है। दरअसल, इस दौरान समझ पाना थोड़ा मुश्किल होता है कि अनार अंदर से लाल, मीठा और रसदार निकलेगा या नहीं।

अनार अंदर से लाल और मीठा है या नहीं, इन आसान तरीकों से करें पहचान​

कई बार अनार बाहर से तो चमकदार और ताजा दिखाई देता है, लेकिन काटने पर उसके दाने फीके, कच्चे या सूखे निकलते हैं। वहीं, कुछ अनार ऐसे भी होते हैं जो ऊपर से लाल और आकर्षक दिखते हैं, लेकिन अंदर से सड़े हुए निकल जाते हैं। हालांकि, अगर खरीदते समय कुछ खास बातों पर ध्यान दिया जाए, तो बिना काटे ही आसानी से यह पहचाना जा सकता है कि अनार अंदर से लाल दानों वाला, मीठा और भरपूर रसदार है या नहीं।

1 रंग से करें पहचान
आमतौर पर अच्छा और पका हुआ अनार गहरे लाल, लालभूरे या हल्के मैरून रंग के होते हैं। अगर अनार का रंग फीका दिखाई दे, तो समझ लें कि वह पूरी तरह अभी पका नहीं है। इसलिए खरीदते समय गहरे और आकर्षक लाल रंग वाले अनार को प्राथमिकता देना चाहिए।

2 वजन से पता करें रसदार अनार है या नहीं
अगर अनार अपने आकार के मुकाबले हल्का महसूस हो रहा है, तो वह अंदर से सूखा या कम रस वाला हो सकता है। हमेशा ऐसा अनार चुनें जो अपने आकार के मुकाबले भारी महसूस हो। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। भारी अनार में पानी और रस अधिक होता है, जिससे उसके दाने ताजे और लाल निकलते हैं।

3 छिलके से करें पहचान
मीठे और पके हुए अनार का छिलका थोड़ा सख्त और टाइट होता है। अगर छिलका बहुत मुलायम, सिकुड़ा हुआ या दागदार हो, तो यह खराब होने का संकेत हो सकता है। वहीं, हल्का खुरदरा छिलका अक्सर अच्छे से पके अनार की निशानी माना जाता है। माना जाता है कि, ऐसे अनार अंदर से पूरी तरह पक चुके हैं और वह रसदार हैं।

4 आकार से करें पता
एकदम गोल अनार देखने में भले सुंदर लगते हैं, लेकिन स्वाद में फीके हो सकते हैं। हमेशा चौकोर या थोड़ा कोणीय वाले अनार का चयन करना चाहिए। दरअसल, अनार जब पूरी तरह पक जाते हैं तो वे चौकोर जैसे दिखाई देने लगते हैं और दाने बाहर की ओर दबाव बनाने लगते हैं। ऐसे में चौकर या कोणीय आकार वाले अनार ज्यादा पके हुए माने जाते हैं। ऐसे अनार के अंदर के दाने पूरी तरह विकसित माने जाते हैं, जो बाहर की ओर दबाव बनाते हैं।

5 थपथपाकर आवाज से करें पता
अनार खरीदते वक्त उसे हल्के से थपथपाने पर अगर धातु जैसी ठोस आवाज आए, तो इसका मतलब हो कि अंदर दाने अच्छी तरह भरे हुए हैं। अगर आवाज खोखली महसूस हो तो अनार सूखा या कम पका हो सकता है।

6 क्राउन से करें पता
अनार के ऊपर जो मुकुट यानी क्राउन बना होता है, उससे भी आप पहचान सकते हैं कि वह अंदर से पका है या नहीं। अगर मुकुट सूखा और थोड़ा खुला हुआ दिखे, तो यह पके होने का संकेत माना जाता है। अगर यह हिस्सा हल्का हरा या ताजा दिखाई दे, तो अनार के पूरी तरह न पके होने का संकेत माना जाता है।

7 अधिक चमकदार से बचें
कई बार बाजार में अनार को चमकाने के लिए उस पर वैक्स या तेल लगाया जाता है। बहुत ज्यादा चमकदार अनार जरूरी नहीं कि अंदर से अच्छा ही निकले। ऐसे में प्राकृतिक रंग और सामान्य चमक वाले अनार लेना चाहिए। वहीं, अगर अनार हल्का दबाने पर ज्यादा नरम महसूस हो, तो वह अंदर से सड़ा हुआ हो सकता है।

Leave a Reply