
मध्य प्रदेश के दमोह से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जहां जमीन विवाद में एक महिला ने अपने ही मासूम भतीजे की हत्या कर दी. पुलिस ने शव घर के पास कचरे के ढेर से बरामद कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया.
आज पूरा देश मदर्स डे मना रहा है, हर तरफ मां की ममता, प्यार और त्याग की बातें हो रही हैं. मां के आंचल की छांव को याद किया जा रहा है. लेकिन मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक ऐसी घटना घटी है, जिसे सुनकर किसी का भी दिल दहल जाएगा. यहां एक छोटे से बच्चे की अपनी ही बड़ी मां ने निर्मम तरीके से हत्या कर दी. महज जमीन के झगड़े के बदले में तीन साल के मासूम की जान ले ली गई.
दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव में यह दर्दनाक वारदात हुई. गांव के रहने वाले माखन सिंह लोधी के तीन साल के बेटे अनिरुद्ध लोधी शुक्रवार 8 मई की सुबह करीब 10 बजे घर के आंगन में खेल रहे थे. खेलते-खेलते बच्चा अचानक गायब हो गया. परिवार वाले पहले सोचते रहे कि कहीं आसपास ही खेल रहा होगा. लेकिन जब काफी देर हो गई और बच्चा नहीं मिला तो पूरे घर में चीख-पुकार मच गई.
विज्ञापन
परिवार रहा परेशान
परिवार वाले घबरा गए, माखन सिंह और उनके रिश्तेदार पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचे और रिपोर्ट लिखाई. उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने बच्चे को अगवा कर लिया होगा. पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने मामले को बहुत गंभीरता से लिया. थाना प्रभारी अरविंद सिंह और चौकी प्रभारी रमाशंकर मिश्रा की टीम तुरंत गांव पहुंची. रात भर पुलिस ने पूरे गांव में तलाशी ली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
पुलिस की मेहनत और दर्दनाक खोज
अगले दिन यानी 9 मई को पुलिस ने और भी बड़ी टीम लगाई. डॉग स्क्वॉड और SDRF की मदद ली गई. गांव के पास वाले 70 फीट गहरे कुएं को भी पूरी तरह खंगाला गया. पूरी रात सर्च अभियान चलता रहा, लेकिन बच्चे का कहीं अता-पता नहीं चला. शनिवार को पुलिस की मेहनत आखिरकार एक बहुत दुखद नतीजे पर पहुंची. घर से सिर्फ 20 मीटर दूर कचरे और घूरे के ढेर में अनिरुद्ध का छोटा सा शव दबा हुआ मिला. देखने वाले हर किसी की आंखें नम हो गईं.
बड़ी मां ने खुद कबूल किया अपराध
पुलिस को शुरू से ही परिवार के कुछ सदस्यों पर शक था. अनिरुद्ध के चाचा भगवान सिंह लोधी और उनकी पत्नी राजकुमारी लोधी (बड़ी मां) को हिरासत में लिया गया. कड़ी पूछताछ में राजकुमारी टूट गई और उसने पूरा सच बता दिया. उसने बताया कि जमीन के पुराने झगड़े की वजह से उसने बच्चे को निशाना बनाया. राजकुमारी ने बताया कि उसने पहले बच्चे का गला घोंट दिया और फिर पत्थर से वार करके उसकी हत्या कर दी. बाद में सबूत मिटाने के लिए शव को पास ही कचरे के ढेर में छिपा दिया. इतनी बेरहमी किसी मां के मन में कैसे आ सकती है, यह सोचकर सब हैरान हैं.
झगड़े की जड़
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के अनुसार, माखन सिंह और उनके भाई भगवान सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इसी रंजिश में राजकुमारी ने निर्दोष बच्चे को अपना निशाना बनाया. एक टुकड़ा जमीन के लिए उसने मासूम की जान ले ली, जो कभी वापस नहीं आ सकती. पुलिस ने राजकुमारी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. बाकी आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पूरा गांव सन्नाटे में डूबा हुआ है. जिस आंगन में अनिरुद्ध की हंसी और किलकारियां गूंजती थीं, वहां आज सन्नाटा और मातम छाया है. पड़ोसी और रिश्तेदार अभी भी इस घटना को विश्वास नहीं कर पा रहे हैं.





