आगरा: ताजनगरी आगरा के कोतवाली थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एक नामी सर्राफा व्यापारी करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य का सोना लेकर चंपत हो गया है। आरोपी व्यापारी ने अपने ही साथी व्यापारियों को झांसा दिया कि वह महज एक घंटे में जेवर वापस कर देगा, लेकिन उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

11 मई से लापता है ‘अभय’
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान गोविंद गुप्ता उर्फ अभय के रूप में हुई है, जो बीती 11 मई से अचानक लापता हो गया है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अन्य व्यापारियों से लगभग 947 ग्राम सोने के आभूषण यह कहकर लिए थे कि वह किसी ग्राहक को दिखाकर एक घंटे के भीतर वापस कर देगा। जब घंटों बीत जाने के बाद भी वह नहीं लौटा और उसका मोबाइल बंद आने लगा, तो व्यापारियों को ठगी का अहसास हुआ।
पत्नी के जेवर भी साथ ले गया आरोपी
जांच में यह भी चौंकाने वाली बात सामने आई है कि गोविंद गुप्ता न केवल साथी व्यापारियों का सोना ले गया, बल्कि घर पर रखे अपनी पत्नी के जेवर भी समेटकर फरार हो गया है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने पूरी योजना के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है और वह शहर छोड़कर भाग चुका है।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित व्यापारियों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें गोविंद गुप्ता की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने कई लोगों से अलगअलग बहाने बनाकर जेवर लिए थे। बाजार में इतनी बड़ी ठगी के बाद आगरा के सर्राफा व्यापारियों में असुरक्षा और आक्रोश का माहौल है।




