महंगाई की मार लोगों की जेब पर बहुत भारी पड़ रही है। ऐसे में हर महीने बजट संभालना काफी मुश्किल होता है। रोजमर्रा के खर्चे संभालते संभालते लोगों की जेब खाली हो जाती है। ऐसे में लोग यही सोचते हैं कि कम खर्चे में पूरा महीना कैसे चलाया जाए। कम खर्चे में पूरा महीना चलाना और बचत करना कोई रॉकेट साइंस नहीं है, बस इसके लिए सही प्लानिंग की जरूरत होती है। अगर आप भी महीने के आखिरी दिनों में कंगाली से बचना चाहते हैं, तो आज से ही बजट प्लान करना शुरू कर दें। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि कम खर्चे में पूरा महीना कैसे चला सकते हैं।

1. ‘पहले बचत, फिर खर्च’ का नियम
ज्यादातर लोग सैलरी आते ही खर्च करना शुरू कर देते हैं और जो बचता है, उसे सेव करते हैं। आपको इसका उल्टा करना है। जैसे ही पैसे आएं, सबसे पहले उसका 20% हिस्सा बचत खाते या इन्वेस्टमेंट में डाल दें। बचे हुए 80% में अपना महीना चलाने की आदत डालें।
2. बजट बनाएं और ट्रैक करें
महीने की शुरुआत में ही एक डायरी या मोबाइल ऐप में अपने खर्चों की लिस्ट बनाएं जैसे किराया, बिजली बिल, राशन, और फीस। इसके अलावा गैरजरूरी खर्च जैसे बाहर का खाना, ओटीटी सब्सक्रिप्शन, और शॉपिंग इनकी भी लिस्ट बनाएं। जब आप अपने खर्चों को ट्रैक करते हैं, तो आपको पता चलता है कि आपका पैसा फालतू कहां बह रहा है।
3. रसोई का बजट संभालें
बाहर खाने या ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप्स से खाना मंगाने पर सबसे ज्यादा पैसा बर्बाद होता है। इसलिए घर पर खाना बनाने की आदत डालें, यह सेहतमंद भी है और किफायती भी। महीने का राशन इकट्ठा खरीदें, इससे डिस्काउंट मिलता है। सब्जियां और फल सुपरमार्केट के बजाय स्थानीय साप्ताहिक बाजार से लें।
4. शॉपिंग और फालतू खर्चों पर लगाम
30दिन का नियम: अगर आपको कोई महंगी चीज जैसे नया फोन या कपड़े पसंद आए, तो उसे तुरंत न खरीदें। 30 दिन का इंतजार करें। अगर एक महीने बाद भी उसकी जरूरत महसूस हो, तभी पैसे खर्च करें। सेल के चक्कर में आकर वो चीजें न खरीदें जिनकी आपको जरूरत नहीं है।
5. बिजली और यूटिलिटी बिल्स में कटौती
कमरे से बाहर निकलते ही पंखे और लाइट बंद करने की आदत डालें। पब्लिक ट्रांसपोर्ट जैसे मेट्रो, बस या बाइक पूलिंग का इस्तेमाल करें। रोजरोज कैब या ऑटो लेने से जेब पर भारी असर पड़ता है।





