बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच में खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 मई से सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच मेजबान बांग्लादेश ने 104 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया था, जिसके बाद सभी की नजरें पाकिस्तानी टीम पर टिकी हुई है कि वह अपनी इज्जत बचा पाएंगे या नहीं। पाकिस्तान टीम को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले एक गुड न्यूज जरूर मिली है, जिसमें उनके पूर्व कप्तान और स्टार खिलाड़ी बाबर आजम जो पहले मुकाबले में घुटने में दर्द की समस्या के चलते नहीं खेल सके थे, वह इस मैच में वापसी करने के लिए तैयार हैं। वहीं बाबर की वापसी को लेकर बांग्लादेश टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने ऐसा बयान दिया है, जिससे उनकी घनघोर बेइज्जती हो गई है।

बाबर की वापसी से हमें नहीं पड़ता कोई फर्क
पाकिस्तानी टीम के हेड कोच सरफराज अहमद ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए ये पुष्टि की बाबर आजम पूरी तरह से फिट हैं और इस मुकाबले में खेलेंगे। वहीं बाबर के कमबैक को लेकर जब मुशफिकुर रहीम से इसपर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर कोई खिलाड़ी और वह भी उनके जैसा वर्ल्ड क्लास प्लेयर टीम में होता है, तो इसका फायदा जरूर मिलता है जिसमें ये पाकिस्तानी टीम के लिए अच्छी खबर है। हमारी टीम को बाबर की वापसी से कोई फर्क नहीं पड़ता है क्योंकि जब हमने पाकिस्तान को उसी के घर पर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया था तो उसमें बाबर आजम दोनों ही मुकाबलों में खेले थे।
हमें विश्वास की हम वापसी कर पाएंगे
मीरपुर टेस्ट मैच में पाकिस्तानी टीम की शर्मनाक हार को लेकर उनके नए हेड कोच सरफराज अहमद ने सिलहट के मुकाबले से पहले कहा कि पहला मैच हारने पर हम सभी निराश थे, लेकिन ये अब बीती बात हो गई है, मुझे विश्वास है कि हम वापसी करने में कामयाब होंगे। वहीं सरफराज ने दूसरे टेस्ट के मौसम को लेकर कहा कि वेदर हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन यदि हमें यहां खेलने का मौका मिलता है तो हम बिल्कुल अच्छा क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।
तंजीद हसन तमीम को मिल सकता है डेब्यू का मौका
सिलहट में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश टीम की प्लेइंग 11 में एक बदलाव तय है जिसमें पहले मुकाबले का हिस्सा शादमन इस्लाम सीने में चोट लगने की वजह से दूसरे टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में उनकी जगह पर तंजीद हसन तमीम को टेस्ट में डेब्यू का मौका मिल सकता है, जिन्होंने अब तक लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में ही खेला है। वहीं इस मुकाबले में दोनों टीमों की नजरें मौसम को लेकर भी टिकी रहने वाली हैं, जिसमें बारिश का खलल काफी पड़ने की उम्मीद है। इसको लेकर मुशफिकुर रहीम ने कहा कि मुझे लगता है कि विकेट से ज़्यादा बड़ी चुनौती मौसम है।





