ईरान में तबाही मचाएगा अमेरिका? ट्रंप कल करने जा रहे बड़ी बैठक​

वॉशिंगटन। अमेरिका ने ईरान के साथ शांति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए पांच बड़ी शर्तें रखी हैं। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने यह दावा किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका ईरान को बमबारी से हुए नुकसान का कोई मुआवजा नहीं देगा। साथ ही उसने मांग की है कि ईरान अपने 400 किलोग्राम एनरिच्ड यूरेनियम को अमेरिका को सौंपे।

ईरान में तबाही मचाएगा अमेरिका? ट्रंप कल करने जा रहे बड़ी बैठक​

अमेरिका की एक और शर्त यह बताई गई है कि ईरान में सिर्फ एक परमाणु सेंटर ही चालू रहना चाहिए। इसके अलावा, अमेरिका ईरान की फ्रीज हुई विदेशी संपत्तियों में से 25% से ज्यादा रकम जारी करने के पक्ष में नहीं है।

रिपोर्ट के अनुसार, वॉशिंगटन चाहता है कि लेबनान समेत सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने का मुद्दा बातचीत के जरिए हल किया जाए। हालांकि इन शर्तों पर अभी तक अमेरिका या ईरान की तरफ से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच ईरान ने अमेरिका सो होर्मुज की नाकाबंदी खत्म करने को कहा है। ऐसा न करने पर ओमान सागर को अमेरिकी सेना का कब्रगाह बनाने की धमकी दी है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स

1. UAE के न्यूक्लियर प्लांट पर ड्रोन हमला: UAE के बराकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र के बाहर ड्रोन हमले के बाद आग लग गई। शुरुआती जांच में ईरान पर शक जताया जा रहा है। यह पहली बार है जब UAE के न्यूक्लियर प्लांट को निशाना बनाया गया।

2. होर्मुज पार कर भारत पहुंचे 15 LPG जहाज: मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला LPG टैंकर ‘सिमी’ 20 हजार टन गैस लेकर कांडला पोर्ट पहुंचा। जंग शुरू होने के बाद अब तक 15 LPG जहाज भारत पहुंच चुके हैं।

3. भारत बोला होर्मुज में शिपिंग रोकना मंजूर नहीं: UN में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में कॉमर्शियल शिपिंग रोकना अस्वीकार्य है।

4. ट्रम्प का नया ऑफर ईरान 20 साल परमाणु कार्यक्रम रोके: ट्रम्प ने पहली बार स्थायी रोक के बजाय 20 साल के लिए ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सस्पेंड करने की बात कही। साथ ही ईरान को चेतावनी दी कि उसका समय तेजी से खत्म हो रहा है।

5. सीजफायर के बावजूद लेबनान पर इजराइली हमले जारी: संघर्ष विराम बढ़ने के बावजूद इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में 30 से ज्यादा हमले किए। हजारों लोग पलायन कर रहे हैं।

ईरान का दावा इराक में अमेरिका समर्थक आतंकियों को निशाना बनाया
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने उत्तरी इराक में अमेरिका और इजराइल समर्थित आतंकी समूहों को निशाना बनाया है।

IRGC के हमजेह सैयद अलशुहदा कमांड ने कहा कि ये ग्रुप बड़ी संख्या में अमेरिकी हथियार और गोलाबारूद ईरान में तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे।

ईरानी समाचार एजेंसी फार्स के मुताबिक, यह कार्रवाई कुर्दिस्तान प्रांत में की गई। IRGC ने दावा किया कि बड़ी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद कर जब्त भी किए गए हैं।

हालांकि इस दावे पर अभी तक अमेरिका, इजराइल या इराक की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अमेरिका बोला ईरान की फंडिंग रोकनी होगी
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि वह G7 देशों के वित्त मंत्रियों से ईरान पर लगाए गए प्रतिबंधों का पालन करने की अपील करेंगे। स्कॉट बेसेंट का कहना है कि इन प्रतिबंधों का मकसद ईरान की फंडिंग रोकना है। अमेरिका चाहता है कि सभी बड़े देश मिलकर ईरान पर आर्थिक दबाव बनाए रखें।

रिपोर्ट ईरान ने अमेरिका को पाकिस्तान के जरिए नया 14 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अपना नया 14 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा है। यह प्रस्ताव कथित तौर पर शांति प्रक्रिया और युद्ध खत्म करने से जुड़ा हुआ है।

तस्नीम न्यूज एजेंसी ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि तेहरान का मुख्य फोकस युद्ध को खत्म करना और दोनों पक्षों के बीच भरोसा कायम करना है।

इस बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने तेहरान में अपना दौरा तीसरे दिन तक बढ़ा दिया है। वह हाल के दिनों में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत आगे बढ़ाने की कोशिशों में शामिल रहे हैं।

इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के तीन गांव खाली करने की चेतावनी दी
इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के तीन गांवों के लोगों को इलाके खाली करने की चेतावनी दी है। सेना के प्रवक्ता ने हारूफ, बोरज एल चमाली और देबाल गांव के निवासियों से तुरंत सुरक्षित और खुले इलाकों में जाने को कहा है।

इजराइल ने इन जगहों पर जल्द हमला करने की धमकी दी है। चेतावनी के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है। लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर जाने लगे हैं।

ईरान जंग से चीन की अर्थव्यवस्था में गिरावट आई
युद्ध और बढ़ते वैश्विक तनाव का असर अब चीन की अर्थव्यवस्था पर भी दिखने लगा है। चीन में फैक्ट्रियों का उत्पादन और बाजार में खरीदारी दोनों की रफ्तार धीमी हो गई है।

चीन के नेशनल ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स के मुताबिक, अप्रैल में औद्योगिक उत्पादन 4.1% बढ़ा, जबकि मार्च में यह बढ़ोतरी 5.7% थी। वहीं खुदरा बिक्री सिर्फ 0.2% बढ़ी, जो मार्च के 1.7% से काफी कम है। इससे पता चलता है कि लोगों की खरीदारी कमजोर पड़ रही है।

जनवरी से अप्रैल के बीच फिक्स्ड एसेट निवेश में 1.6% की गिरावट दर्ज की गई। खासकर रियल एस्टेट सेक्टर में 13.7% की बड़ी गिरावट ने अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ाया है।

हालांकि हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में अच्छी बढ़त देखने को मिली। साल के पहले चार महीनों में इसमें 12.6% की बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा अप्रैल में चीन का निर्यात भी 9.8% बढ़ा।

इजराइली कार्रवाई के दौरान फ्लोटिला के कम्युनिकेशन सिस्टम ठप
ग्लोबल सुमूद फ्लोटिला से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया है कि इजराइली कार्रवाई शुरू होते ही उनके कई जहाजों का कम्युनिकेशन बंद हो गया।

फ्लोटिला की कानूनी टीम के सदस्य बदर अलनोइमी ने कहा कि जहाज अंतरराष्ट्रीय समुद्री इलाके में थे। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमले के बाद लगातार मदद के मैसेज भेजे गए, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि पिछली बार की तरह फिर से यात्रियों को पकड़कर हिरासत में लिया जा सकता है। फ्लोटिला का दावा है कि अप्रैल में हुई एक कार्रवाई के दौरान यात्रियों के साथ गलत व्यवहार किया गया था और बाद में उन्हें ग्रीक अधिकारियों को सौंप दिया गया था।

ग्लोबल सुमूद फ्लोटिला कई देशों के सामाजिक संगठनों, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और राहत समूहों का एक समुद्री अभियान है। इसका मकसद गाजा के लोगों तक राहत सामग्री और मानवीय सहायता पहुंचाना है।

सुमूद एक अरबी शब्द है, जिसका मतलब होता है, मुश्किल हालात में डटे रहना। यह फ्लोटिला जहाजों के जरिए दवाइयां, खाना और जरूरी सामान लेकर गाजा की ओर जाता है।

फ्लोटिला से जुड़े लोग इजराइल पर आरोप लगाते हैं कि वह गाजा की नाकेबंदी कर रहा है और राहत सामग्री पहुंचने में रुकावट पैदा करता है। वहीं इजराइल सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ऐसे अभियानों पर नजर रखता है और कई बार कार्रवाई भी करता है।

Leave a Reply