यूपी में सबसे ज्यादा दूध देने वाली सहारनपुर की भैंस गार्गी, जानें इसकी खासियत​

रिपोर्ट : लियाकत पुंडीर

यूपी में सबसे ज्यादा दूध देने वाली सहारनपुर की भैंस गार्गी, जानें इसकी खासियत​

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव मोहम्मदपुर में पशुपालन की दुनिया से एक बेहद गर्व करने वाली खबर सामने आई है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य चौधरी विक्रम सिंह की मुर्रा नस्ल की भैंस ‘गार्गी’ ने पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा दूध देकर पहला स्थान हासिल किया है। गार्गी ने प्रतिदिन 23.375 लीटर दूध देकर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश कृषि एवं पशुपालन संघ के पदाधिकारियों और पशु चिकित्सा विशेषज्ञों ने गांव पहुंचकर मालिक परिवार को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

लखनऊ की टीम ने लाइव टेलीकास्ट से किया था परीक्षण
करीब चार साल की गार्गी की कदकाठी बेहद दुर्लभ और आकर्षक है। लगभग साढ़े पांच फीट ऊंची इस भैंस को देखने के लिए दूरदूर से लोग पहुंच रहे हैं। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में लखनऊ की एक विशेषज्ञ टीम ने लाइव टेलीकास्ट के जरिए गार्गी की दूध देने की क्षमता का कड़ा परीक्षण किया था। हाल ही में घोषित परिणामों में गार्गी ने सूबे में टॉप किया, जबकि दूसरे स्थान पर रही भैंस ने 21.700 लीटर और तीसरे स्थान वाली भैंस ने 21.200 लीटर दूध दिया।

15 साल की मेहनत का नतीजा, 20 लाख का ऑफर ठुकराया
भैंस के मालिक शेखर चौहान और विक्रम सिंह ने बताया कि इस मुकाम के पीछे उनकी 15 साल की लगातार ब्रीडिंग की मेहनत है। गार्गी का टीका हरियाणा के प्रसिद्ध मुर्रा भैंसे ‘भीम’ से कराया गया था। विक्रम सिंह ने बताया कि उन्होंने कभी बाहर से पशु नहीं खरीदा, बल्कि अपनी ही नस्ल को बेहतर बनाया। गार्गी की इस अनोखी खूबी के कारण कई लोगों ने इसकी कीमत 20 लाख रुपये तक लगा दी है, लेकिन परिवार ने इसे बेचने से साफ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि गार्गी उनके परिवार का हिस्सा और सम्मान है।

Leave a Reply