डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में फिर से बदलाव हो गया है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपना दूसरा मुकाबला भी बांग्लादेश से हार गई है। बांग्लादेश ने उसे मैच के पांचवें दिन सुबह ही पीट दिया। इससे पाकिस्तनी टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल और और नीचे चली गई है, वहीं बांग्लादेश को फायदा मिलते हुए दिखाई दे रहा है। भारत को भी हल्का सा नुकसान हुआ है। काफी लंबे समय के बाद अंक तालिका में इतना बड़ा बदलाव नजर आ रहा है।

पाकिस्तानी टीम अंक तालिका में आठवें नंबर पर गई
बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान टेस्ट सीरीज खत्म हो गई है। बांग्लादेश ने दूसरे मैच में 78 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। पहला मैच भी बांग्लादेश जीता था। अब पाकिस्तानी टीम अंक तालिका में और भी नीचे चली गई है। पाकिस्तान का पीसीटी अब महज 8.33 का रहा गया है। टीम ने चार मैच खेले हैं, इसमें से उसे केवल एक में जीत मिली है और तीन में हार का मुंह देखना पड़ा है। टीम अब सीधे आठवें नंबर पर पहुंच चुकी है। केवल वेस्टइंडीज की टीम ही उससे नीचे है।
बांग्लादेश क्रिकेट टीम को मिला फायदा, टीम इंडिया से निकली आगे
इस बीच बात अगर बांग्लादेश की बात की जाए तो उसने लंबी छलांग मारी है। बांग्लादेश टीम इंडिया को पीछे कर सीधे पांचवें नंबर पर पहुंच चुकी है। बांग्लादेश ने अब तक चार टेस्ट खेलकर दो जीते हैं, एक मैच में उन्हें हार मिली है और एक ड्रॉ पर समाप्त हुआ है। टीम का पीसीटी 58.33 का हो गया है। टीम इंडिया की बात करें तो वह छठे स्थान पर है। टीम का पीसीटी 48.15 का है। सीरीज का इसी के साथ समापन हो गया है।
ऑस्ट्रेलिया का पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा बरकरार
इस बीच ऑस्ट्रेलिया का पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा बरकरार है। उसने आठ मैच खेले हैं और उसका पीसीटी 87.50 का है। न्यूजीलैंड की टीम 77.78 के पीसीटी के साथ दूसरे नंबर पर है। टॉप दो टीमों के बीच अगले साल यानी 2027 में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जो टीम जीतेगी, वो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की विजेता कही जाएगी। अभी मौजूदा चैंपियन साउथ अफ्रीका है, उसने ऑस्ट्रेलिया को हराकर इस खिताब को अपने नाम करने में कायमाबी हासिल की थी। अब पाकिस्तानी टीम जुलाई में वेस्टइंडीज का दौरा करेगी, वहां दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, उस पर नजर रहेगी।




