अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ के थाना खैर क्षेत्र अंतर्गत जरारा गांव में एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। ऑनर किलिंग के इस मामले में साक्ष्य मिटाने के इरादे से आरोपी पिता ने युवती के शव को अपने ही खेत में ले जाकर मिट्टी खोदकर दबा दिया।

इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब मृतका की माँ खेत पर पहुँची। खेत में संदिग्ध रूप से खुदी हुई मिट्टी और वहां के हालात देखकर माँ को गहरा शक हुआ। उन्होंने बिना वक्त गंवाए तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने संदिग्ध जगह पर खुदाई शुरू करवाई, जिसके बाद जमीन के नीचे से युवती का शव बरामद किया गया।
शव की शिनाख्त जरारा निवासी पूरन सिंह जाटव की 19 वर्षीय बेटी शिवानी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि प्रेम प्रसंग के चलते पिता ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं।





