नई दिल्ली: देश के डिजिटल और राजनीतिक गलियारों में इन दिनों एक नया सोशल मीडिया ट्रेंड भारी हलचल मचा रहा है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से शुरू हुआ एक ऑनलाइन व्यंग्य अभियान महज कुछ ही दिनों में इंस्टाग्राम पर देश का सबसे बड़ा राजनीतिक ट्रेंड बन गया है। इस अभियान की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्चिंग के महज चार दिनों के भीतर इस अकाउंट ने 11 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।

फॉलोअर्स की रेस में बीजेपी पीछे, कांग्रेस अब भी आगे
21 मई को इस अकाउंट ने जैसे ही 11 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा छुआ, इसने फॉलोअर्स के मामले में देश की सत्ताधारी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल को भी पीछे छोड़ दिया, जिसके फिलहाल करीब 8.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। हालांकि, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अभी भी इस रेस में सबसे आगे है, जिसके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 13.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के इंस्टाग्राम पर करीब 1.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं। जहां बीजेपी ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 18 हजार से ज्यादा पोस्ट किए हैं, वहीं कॉकरोच जनता पार्टी ने सिर्फ 56 पोस्ट के जरिए यह रिकॉर्ड बनाया है।
सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से हुई शुरुआत
यह पूरा आंदोलन 16 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मजाकिया अंदाज में शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान माननीय चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक कथित टिप्पणी के बाद युवाओं ने इसे व्यंग्यात्मक आंदोलन का रूप दे दिया। इसके अगले ही दिन इसका इंस्टाग्राम अकाउंट लॉन्च किया गया, जिसने महज 78 घंटे में 30 लाख और चार दिन में 11 मिलियन का आंकड़ा पार कर लिया। इसके अलावा एक्स पर भी इसके 1.65 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं।
युवाओं की नाराजगी का नया मंच
यह प्लेटफॉर्म खुद को ‘युवाओं का, युवाओं के लिए और युवाओं द्वारा बनाया गया राजनीतिक मंच’ बताता है। इसके पोस्ट मुख्य रूप से देश में बेरोजगारी, राजनीतिक जवाबदेही, परीक्षाओं के पेपर लीक और युवाओं से जुड़े जमीनी मुद्दों पर केंद्रित हैं। बीजेपी को पछाड़ने के बाद इस अकाउंट से ‘वर्ड लार्जेस्ट पार्टी दे सेड’ जैसे तंज भरे पोस्ट लिखकर कटाक्ष किया गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ट्रेंड पारंपरिक राजनीति के खिलाफ युवाओं के भीतर बढ़ती नाराजगी और सोशल मीडिया आधारित अभिव्यक्ति का एक बड़ा संकेत है।





