Go-LX for Cow Protection: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अब गायों की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त का फैसला किया है। शंकराचार्य ने इसके लिए Go-LX नाम से एक वेबसाइट बनाने की बात कही है।

Cow Protection By Shankaracharya: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। वो कभी बटुकों के शोषण के आरोप के कारण तो कभी सीएम योगी पर हमला बोलने के लिए लगातार चर्चा में हैं। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। अब वो गाय को बचाने के लिए एक आंदोलन चला रहे हैं।
इसी क्रम में शंकराचार्य ने अब गायों की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त का एलान किया है। उन्होंने बताया कि अगर किसी को गाय बेचनी है तो हम उससे खरीदेंगे। उन्होंने गो-एलएक्स (Go-LX) नाम से एक वेबसाइट शुरू करने का एलान किया है। इस वेबसाइट के माध्यम से गायों की खरीद की जाएगी।
ओएलएक्स की तरह होगी वेबसाइट
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बताया कि हम एक वेबसाइट बनवा रहे हैं, जो बिल्कुल ओएलएक्स की तरह होगी। इस वेबसाइट के माध्यम से हम गायों को खरीदेंगे। जो पशुपालक या व्यापारी अपनी गाय को बेचना चाहता है, वह वेबसाइट पर विज्ञापन दे सकता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई हिंदू अपनी गाय बेचना चाहता है, तो मुझे बेचे। हम खरीदने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हम गायों को कटने नहीं देंगे और किसी गोहत्यारे को गाय खरीदने नहीं देंगे।
गायों को खरीदकर उनकी सेवा करेंगे
शंकराचार्य ने इससे पहले वीडियो में कहा था कि हम गायों को खरीदकर उनकी सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के कहने पर ही अपने वेबसाइट बनाई है। हमने इसका नाम गो-एलएक्स (Go-LX) रखा है और लोग अपनी गाय यहां बेच सकते हैं। गौ संरक्षण को समर्पित लोग भी उन गायों को खरीदकर सेवा कर सकेंगे।
गायों को ऑनलाइन खरीदने का फैसला लेने की वजह बताते हुए शंकराचार्य ने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों से यह नैरेटिव फैलाया जा रहा कि अगर मुसलमान गाय खरीदना बंद कर देंगे या फिर गौ मांस खाना छोड़ देंगे तो हिंदू पशुपालक आर्थिक संकट में आ जाएंगे।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि वो ऐसी गायों को खरीदेंगे जो दूध देना बंद कर दी हैं या जिनको कसाई को बेचा जा रहा है। पशुपालक उन गायों को हमारी वेबसाइट पर सीधे तौर पर बेच सकेंगे और हम उसकी खरीदी करेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी सच्चा हिंदू अपनी गाय को कटने के लिए नहीं बेच सकता। अगर किसी व्यक्ति में वास्तविक हिंदुत्व है, तो वह कभी भी अपनी गाय को कसाई के हाथों में नहीं सौंपेगा।




