युद्ध के बीच 2 दिन की तूफानी तेजी के बाद आज फिर अंधकार, क्यों शेयर बाजार में आया भूचाल, चंद घंटों में मार्केट से 9 लाख करोड़ साफ!

युद्ध के बीच 2 दिन की तूफानी तेजी के बाद आज फिर अंधकार, क्यों शेयर बाजार में आया भूचाल, चंद घंटों में मार्केट से 9 लाख करोड़ साफ!

Share Market Crash : शेयर बाजार में शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली है. दो सेशन की बढ़त के बाद भारतीय इक्विटी बेंचमार्क में भारी गिरावट देखने को मिली है. सेंसेक्स लगभग 1,700 अंक गिरा और निफ्टी 23,000 के स्तर से नीचे फिसल गया. BSE सेंसेक्स 1,690.23 अंक या 2.25 प्रतिशत गिरकर 73,583.22 पर बंद हुआ. जबकि निफ्टी 50 में 2.09 प्रतिशत की गिरावट आई और ये 22,819.60 पर स्थिर हुआ.

निफ्टी ब्रॉड मार्केट इंडेक्स
शेयर मार्केट में बिकवाली का दबाव देखा गया. निफ्टी नेक्स्ट 50 में 2.48 प्रतिशत की गिरावट आई. निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक गिरे और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.9 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है. निफ्टी 100, निफ्टी 200 और निफ्टी 500 इंडेक्स में लगभग 2.1–2.2 प्रतिशत की गिरावट आई. ये सभी सेक्टर में व्यापक गिरावट का संकेत है. सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए. PSU बैंक इंडेक्स सबसे अधिक गिरने वाला इंडेक्स रहा. इसमें 3.86 प्रतिशत की गिरावट आई. इसके बाद रियल्टी में 3.17 प्रतिशत, ऑटो में 2.82 प्रतिशत और फाइनेंशियल सर्विसेज में लगभग 2.7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. बैंक निफ्टी 2.67 प्रतिशत नीचे फिसल गया. IT और फार्मा में कम गिरावट देखने को मिली. ये 0.44 प्रतिशत और 0.50 प्रतिशत तक गिरे.

सबसे अधिक बढ़त और गिरावट वाले शेयर
सेंसेक्स के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज़ में सबसे अधिक गिरावट आई. ये 4.55 प्रतिशत गिरा. इसके बाद बजाज फाइनेंस में 4.32 प्रतिशत, इंडिगो में 4.29 प्रतिशत, SBI में 3.82 प्रतिशत और इटरनल में 3.76 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. HDFC बैंक 3.26 प्रतिशत गिरा, जबकि बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर और M&M में 2.7 प्रतिशत से 2.9 प्रतिशत के बीच गिरावट आई. बढ़त बनाने वाले शेयरों में TCS 0.49 प्रतिशत ऊपर रहा. भारती एयरटेल में 0.37 प्रतिशत की बढ़त हुई और पावर ग्रिड 0.24 प्रतिशत चढ़ा. वहीं, Sun Pharma और ITC में मामूली गिरावट देखने को मिली.

वैश्विक संकेतों और घरेलू चिंताओं के चलते पूरे सेशन के दौरान बाजार दबाव में रहे. रुपया अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया. जबकि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम होने की धूमिल होती उम्मीदों ने बाजार के सेंटिमेंट पर नकारात्मक असर डाला. बिकवाली का दायरा काफी व्यापक रहा और सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए. PSU बैंक, ऑटो और रियल्टी शेयरों में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली, जबकि IT शेयरों ने तुलनात्मक रूप से थोड़ी-बहुत मजबूती दिखाई. कुल मिलाकर, व्यापक बिकवाली और किसी भी सेक्टर से मजबूत नेतृत्व न मिलने के कारण बाजार का माहौल सतर्कता भरा रहा.

आज शेयर बाजार में गिरावट क्यों आई?

जी बिजनेस के मैनेजिंग एडिटर अनिल सिंघवी ने बताया कि इस गिरावट के पीछे कई कारक जिम्मेदार थे. इनमें कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, मुद्रा की कमजोरी और एक्साइज ड्यूटी में बदलाव को लेकर बनी चिंताएं शामिल हैं. उन्होंने कहा कि कच्चा तेल और मुद्रा- ये दो हमारे बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंताएं हैं. इसके साथ ही, एक्साइज ड्यूटी में किए जा रहे बदलावों को भी बाजार में बहुत अधिक पसंद नहीं किया जा रहा है. उन्होंने आगे बताया कि यूरोपीय बाजार भी एक प्रतिशत से भी कम की मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. इसने बाजार के कमजोर सेंटिमेंट को और बढ़ावा दिया.

सिंघवी ने निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी और ट्रेडर्स से कोई भी नई पोज़िशन लेने से बचने को कहा. बैंक निफ्टी पर उन्होंने कहा कि इंडेक्स अपने सपोर्ट ज़ोन के करीब है. लेकिन नई खरीदारी के लिए सही नहीं है और उन्होंने ‘देखो और इंतजार करो’ (wait-and-watch) का तरीका अपनाने की सलाह दी.

भारतीय रुपया तेजी से गिरा

इस बीच, भारतीय रुपया तेजी से गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.8125 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ. ये पिछली क्लोजिंग से 0.9 प्रतिशत कम था. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इससे बाजार में कुल मिलाकर नकारात्मक माहौल और बढ़ गया.

शेयर बाजार अपडेट

27 मार्च, 2026 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में बाजार की स्थिति कमजोर रही. इससे पता चलता है कि बड़े पैमाने पर बिकवाली का दबाव था. कुल 3,390 शेयरों में ट्रेडिंग हुई. इनमें से सिर्फ 505 शेयरों में बढ़त हुई, जबकि 2,814 शेयरों में गिरावट आई और 71 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ. इसके अलावा, 214 शेयर लोअर सर्किट पर अटक गए, जबकि सिर्फ 38 शेयर अपर सर्किट पर पहुंचे. बाजार का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 420.35 लाख करोड़ रुपये रहा. BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब 8.89 लाख करोड़ रुपये घटा है.

Leave a Reply