वंदे भारत में घटिया दही परोसकर फंस गया अमूल, अब IRCTC ने थमाया नोटिस; जानिए क्या है पूरा मामला?!


पटना : इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए अमूल दही की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया है. IRCTC ने कैटरिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करते हुए कॉन्ट्रैक्ट समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और डेयरी कंपनी अमूल से भी स्पष्टीकरण मांगा है.

ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू
IRCTC ने बयान में कहा कि ट्रेन में परोसे गए अमूल दही की गुणवत्ता को लेकर शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है. IRCTC ने कैटरिंग पर भारी जुर्माना लगाया है और उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. इसके साथ ही 27 मार्च को अमूल को तलब कर इस गंभीर गुणवत्ता संबंधी मुद्दे पर जवाब मांगा गया है. ये कार्रवाई उन यात्री शिकायतों के बाद की गई है, जो सोशल मीडिया पर सामने आई थीं. यात्रियों ने यात्रा के दौरान खराब दही परोसे जाने की शिकायत की थी. इस मामले के तेजी से तूल पकड़ने के बाद IRCTC ने तुरंत जांच के आदेश दिए और फूड क्वालिटी और हैंडलिंग प्रक्रिया की समीक्षा शुरू की.

10 लाख रुपये का जुर्माना

IRCTC के मुताबिक, इस मामले में 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा ऑनबोर्ड सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाते हुए उसका कॉन्ट्रैक्ट समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं. ये घटना एक बार फिर प्रीमियम ट्रेनों जैसे वंदे भारत में फ़ूड गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है. IRCTC ने हाल के वर्षों में स्वच्छता, पैकेजिंग और विक्रेता जवाबदेही को लेकर नियम कड़े किए हैं. इसमें मानकों के उल्लंघन पर जुर्माना और ब्रांडेड फूड उत्पादों की अनिवार्य सोर्सिंग शामिल है.

अमूल जैसी बड़ी FMCG कंपनी को तलब किया जाना एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे संकेत मिलता है कि IRCTC अब केवल ऑनबोर्ड विक्रेताओं ही नहीं, बल्कि सप्लाई चेन से जुड़े बड़े ब्रांड्स की जवाबदेही भी तय करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है.

ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply