
महाराष्ट्र में इन दिनों एक ऐसे ढोंगी बाबा की चर्चा है जिसने धर्म और ज्योतिष की आड़ में न केवल महिलाओं का यौन शोषण किया, बल्कि तकनीक का सहारा लेकर लोगों को नाग देवता के नाम पर ठगा. सिन्नर के वावी गांव का रहने वाला भोंदू बाबा अशोक खरात आज सलाखों के पीछे है. मगर उसके काले कारनामों के चिट्ठे परत दर परत खुल रहे हैं. गांव के एक बुजुर्ग ने बताया कि वो तो मुर्गी के अंडे चुराकर बेचता था.
अशोक खरात के रसूख और आलीशान जीवन को देखकर कोई अंदाजा नहीं लगा सकता था कि उसका अतीत इतना छोटा रहा होगा. सिन्नर के वावी गांव के निवासियों ने खरात के बचपन और जवानी के ऐसे किस्से सुनाए हैं जो हैरान करने वाले हैं. ग्रामीणों के अनुसार, अशोक खरात 10वीं फेल है. गांव में मुर्गियां और अंडे चुराकर बेचने का काम करता था. आज उसे कैप्टन और गुरुजी बनते देख हमें हंसी भी आती है और गुस्सा भी कि उसने हमारे गांव का नाम बदनाम कर दिया. स्कूल के दिनों में अंडों की चोरी करने वाला यह शख्स देखते ही देखते करोड़ों की संपत्ति का मालिक बन बैठा.
रिमोट कंट्रोल वाला सांप और…
ढोंगी बाबा अशोक खरात की धोखाधड़ी का सबसे बड़ा हथियार था- डर. पुलिस जांच और राजेंद्र जासूदानी की शिकायत में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. खरात अपने भक्तों को नाशिक के ईशान्येश्वर मंदिर के पीछे आधी रात के सन्नाटे में ले जाता था. वहां वह अवतार पूजा का नाटक करता था.
खरात भक्तों के हाथ में चावल देता और कहता- अभी साक्षात नाग देवता प्रकट होंगे. अगर तुम्हारे हाथ से एक भी दाना चावल गिरा, तो नाग देवता तुम्हें डस लेंगे. जब भक्त डर के मारे कांपने लगते, तब खरात मंत्रों का जाप शुरू करता. उसी समय वह अंधेरे में रिमोट कंट्रोल से चलने वाला नकली सांप जमीन पर छोड़ देता था. रात के अंधेरे में सांप जैसी सरसराहट और हलचल देखकर भक्त बुरी तरह डर जाते थे. इसी डर का फायदा उठाकर वह नाग देवता को शांत करने के नाम पर उनसे लाखों रुपये वसूलता था.
महिलाओं का यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग
खरात पर केवल आर्थिक धोखाधड़ी के ही नहीं, बल्कि बेहद गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह भविष्य बताने के बहाने महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था. आरोप है कि उसने कई महिलाओं का यौन शोषण किया और उन पलों की रिकॉर्डिंग भी की. इन वीडियो के जरिए वह महिलाओं को ब्लैकमेल करता था ताकि वे कभी पुलिस के पास न जा सकें. अब तक उसके खिलाफ 7 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं.
सेलिब्रिटीज और नेताओं के बीच था उठना-बैठना
अशोक खरात ने अपनी छवि एक हाई-प्रोफाइल ज्योतिष और अंकशास्त्री (Numerologist) के रूप में बना ली थी. उसके पास कई बड़े नेता, अभिनेता और रसूखदार लोग अपनी किस्मत दिखाने आते थे. इसी रसूख का इस्तेमाल वह अपना साम्राज्य फैलाने के लिए करता था. लेकिन अब पुलिस कस्टडी में उसकी सारी फर्जी शक्तियां फेल नजर आ रही हैं.
पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों की मांग
सरकारवाडा पुलिस स्टेशन में खरात के खिलाफ धोखाधड़ी और अंधविश्वास विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. वावी गांव के लोगों ने मांग की है कि ऐसे ढोंगी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, जिसने धर्म का मजाक बनाया और गांव की प्रतिष्ठा को मिट्टी में मिला दिया.
ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं।


