
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहा युद्ध मंगलवार को 11वें दिन और भी भीषण हो गया। अमेरिका और इजरायल ने ईरान के भीतर नए सिरे से बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जबकि ईरान ने भी इजरायल और खाड़ी देशों की ओर मिसाइल और ड्रोन दागकर पलटवार किया।
इजरायल के यरूशलम और तेल अवीव में मंगलवार को सायरन बजने के बाद कई धमाके सुनाई दिए, जब इजरायली वायु रक्षा प्रणाली ने ईरानी मिसाइलों को रोकने की कोशिश की। वहीं खाड़ी क्षेत्र में भी ईरान के हमलों से तनाव और बढ़ गया। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। बहरीन की राजधानी मनामा में एक आवासीय इमारत पर हुए ईरानी हमले में 29 वर्षीय महिला की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए।
सऊदी अरब ने अपने तेल समृद्ध पूर्वी क्षेत्र के ऊपर दो ईरानी ड्रोन मार गिराने का दावा किया, जबकि कुवैत की नेशनल गार्ड ने छह ड्रोन को नष्ट करने की जानकारी दी। संयुक्त अरब अमीरात के रुवैस औद्योगिक क्षेत्र में ईरानी ड्रोन हमले के बाद एक तेल डिपो में आग लग गई, हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
ईरान के भीतर सबसे भीषण हमलों की चेतावनी
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि मंगलवार को ईरान के भीतर अब तक का सबसे भीषण हवाई हमला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिन सबसे ज्यादा लड़ाकू विमान, बमवर्षक और सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर हमले किए जाएंगे।
अमेरिकी सेना के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने बताया कि युद्ध के पहले दस दिनों में अमेरिकी सेना ने ईरान के 5000 से अधिक सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। इन हमलों में ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन क्षमता को निशाना बनाया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसेना ने अब तक ईरान के 50 से ज्यादा नौसैनिक जहाजों और नौकाओं को नष्ट किया है और होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंग बिछाने वाले जहाजों को भी निशाना बनाया जा रहा है।इ
जरायल ने तेहरान पर फिर किए हमले
इजरायली सेना ने भी ईरान की राजधानी तेहरान में कई सैन्य और अनुसंधान ठिकानों पर नए हवाई हमले किए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शहर के कई इलाकों में जोरदार धमाके सुने गए।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इजरायल का लक्ष्य ईरान की सैन्य क्षमता को पूरी तरह तोड़ना है।
इराक और कतर भी संघर्ष की चपेट में
इस संघर्ष का असर क्षेत्र के अन्य देशों पर भी पड़ने लगा है। कतर ने अपने क्षेत्र में दागी गई एक ईरानी मिसाइल को इंटरसेप्ट करने की जानकारी दी है। उधर, इराक के किर्कुक शहर में ईरान समर्थित पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज के ठिकाने पर हुए हवाई हमले में कम से कम पांच लड़ाकों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किसने किया।
रूस की मध्यस्थता की पेशकश
इस बीच, रूस ने इस संकट के समाधान के लिए मध्यस्थता की पेशकश दोहराई है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हाल ही में हुई बातचीत के बाद भी रूस की मध्यस्थता की पेशकश कायम है।
बाजारों की नजर ट्रंप पर
युद्ध की तीव्रता के बावजूद वैश्विक बाजारों में निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप जल्द ही इस संघर्ष को खत्म कराने की कोशिश करेंगे। इसी उम्मीद के चलते सोमवार को तेज उछाल के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में कुछ गिरावट आई और एशियाई व यूरोपीय शेयर बाजारों में भी सुधार देखने को मिला।
हालांकि, जमीनी हालात अब भी बेहद तनावपूर्ण हैं और तेहरान के निवासियों के अनुसार राजधानी में अमेरिका-इजरायल की बमबारी युद्ध शुरू होने के बाद से सबसे भीषण रही है।




