
नई दिल्ली: सोने-चांदी की कीमतों में शुक्रवार को भी बड़ा उतार-चढ़ाव दिखाई दिया। एमसीएक्स पर जहां दोनों धातुओं के दाम गिर गए तो वहीं दिल्ली सर्राफा बाजार में कीमत उछल गई। इसके अलावा IBJA के मुताबिक भी सोना-चांदी की कीमतों में बदलाव देखने को मिला। गुड रिटर्न्स के मुताबिक शुक्रवार को सोना-चांदी के भाव में तेजी आई।
एमसीएक्स पर क्या रहा भाव?
शुक्रवार को एमसीएक्स पर सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई। रात करीब 10 बजे जून डिलीवरी वाला सोना प्रति 10 ग्राम 937 रुपये की गिरावट के साथ 1,52,497 रुपये पर कारोबार कर रहा था। वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी प्रति किलो 1319 रुपये गिरकर 2,42,449 रुपये पर थी।
इससे पहले दिन की शुरुआत दोनों धातुओं में गिरावट के साथ हुई। सोना प्रति 10 ग्राम 749 रुपये की गिरावट के साथ खुला था। वहीं चांदी की शुरुआत प्रति किलो 1253 रुपये गिरकर हुई थी। दिन के कारोबार के दौरान सोना 1689 रुपये तक और चांदी 4222 रुपये तक गिर गई थी।
विभिन्न शहरों में सोने की कीमत
गुडरिटर्न्स के मुताबिक सोने की कीमत में शुक्रवार को तेजी आई। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। प्रमुख शहरों में सोने का भाव प्रति 10 ग्राम इस प्रकार रहा:
शहर 24K 22K 18K
दिल्ली ₹152500 ₹139800 ₹114410
मुंबई ₹152350 ₹139650 ₹114260
कोलकाता ₹152350 ₹139650 ₹114260
चेन्नई ₹154090 ₹141250 ₹117750
लखनऊ ₹152500 ₹139800 ₹114410
कानपुर ₹152500 ₹139800 ₹114410
पटना ₹152400 ₹139700 ₹114310
जयपुर ₹152500 ₹139800 ₹114410
इंदौर ₹152400 ₹139700 ₹114310
भोपाल ₹152400 ₹139700 ₹114310
सर्राफा बाजार में आई तेजी
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को चांदी की कीमत 3,800 रुपये बढ़कर 2.47 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं, जबकि सोना 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 3800 रुपये यानी 1.6 प्रतिशत बढ़कर 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। गुरुवार को इसमें गिरावट आई थी और यह 2,43,200 रुपये प्रति किलोग्राम रही थी।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 400 रुपये बढ़कर 1,55,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोने की कीमत 1,54,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी।
ईरान संघर्ष पर सतर्क रूख और केंद्रीय बैंक की लगातार खरीदारी से सर्राफा कीमतों में सुधार हुआ है।
इंटरनेशनल मार्केट में क्या स्थिति?
वैश्विक स्तर पर भी सर्राफा कीमतों में तेजी रही। हाजिर सोना 11.52 डॉलर यानी 0.24 प्रतिशत बढ़कर 4,777.17 डॉलर प्रति औंस हो गया और चांदी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 75.91 डॉलर प्रति औंस पर रही।
अमेरिका-ईरान युद्धविराम से तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है। साथ ही महंगाई और संभावित ब्याज दर बढ़ोतरी की चिंता कम हुई है। इससे सोना 4,700 डॉलर प्रति औंस से ऊपर स्थिर रहा और लगातार तीसरे सप्ताह बढ़त की राह पर बना रहा।
जिगर त्रिवेदी, वरिष्ठ शोध विश्लेषक, इंडसइंड सिक्योरिटीज
क्या है आगे का रुख?
हाल के दिनों में कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है, क्योंकि निवेशक अब शेयर बाजार जैसे जोखिम वाले निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, खासकर जब भू-राजनीतिक तनाव में कुछ कमी के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, अमेरिका-ईरान के बीच बनी अनिश्चितता के चलते सोना-चांदी की कीमतों में ज्यादा गिरावट फिलहाल सीमित रह सकती है।





