जम्मू कश्मीर में खलल डालने की साजिश! मोबाइल डेटा सेवाएं सस्पेंड; सेना चला रही ऑपरेशन!


Jammu & Kashmir: जम्मू-कश्मीर के गृह विभाग ने किश्तवाड़ जिले के सिंहपोरा, चिंगम और चतरू इलाकों में 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल डेटा सेवाओं को अस्थायी रूप से सस्पेंड करने का आदेश जारी किया है. यह कदम राष्ट्र-विरोधी तत्वों द्वारा मोबाइल नेटवर्क के गलत इस्तेमाल को रोकने और सुरक्षा बलों के ऑपरेशन को सुचारू रूप से चलाने के लिए उठाया गया है.

इस संबंध में गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्रकर भारती ने आधिकारिक आदेश जारी किया. बता दें, किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बल आतंकवादियों का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने के लिए व्यापक ऑपरेशन चला रहे हैं. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, चतरू और आसपास के क्षेत्रों में आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिल रही है, जिसके चलते इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है.

हेलीकॉप्टर और ड्रोन की मदद से चल रहा ऑपरेशन
सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन में हेलीकॉप्टर और ड्रोन की मदद ली जा रही है, जिससे आतंकियों की मूवमेंट पर निगरानी और तेज हो सके. भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार मौके पर मौजूद हैं और अभियान की निगरानी कर रहे हैं.

बता दें, किश्तवाड़ के सिंगपोरा इलाके में आतंकियों के साथ मुठभेड़ 2 हफ्ते पहले शुरू हुई थी और तब से सुरक्षा बल आतंकियों को घेरने और उनके ठिकानों का पता लगाने में लगे हुए हैं. ऑपरेशन के दौरान इलाके में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल डेटा सेवाओं का निलंबन केवल अस्थायी है और यह सुरक्षा बलों के ऑपरेशन के सफल संचालन और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है. नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें. सुरक्षा बलों का यह अभियान किश्तवाड़ में आतंकवाद को खत्म करने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, ताकि इलाके में स्थायी शांति कायम की जा सके.

Leave a Reply