शादी में DJ की धुन पड़ी भारी, गांव में एक-दो नहीं बजा दिए चार डीजे; दीवार गिरने से दो बच्चों समेत कई दबे!


बुलंदशहर: गांव परवाना में मंगलवार रात शादी की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब डीजे की तेज आवाज और धमक के कारण एक कमरे की दीवार गिर गई। हादसे में दीवार के पास डांस कर रहे दो बच्चे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। वहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इसके अलावा पांच लोग घायल हैं।

गांव परवाना स्थित रननी वाला मोहल्ला निवासी ब्रजमोहन सिंह की पुत्री का विवाह था। धमेडा गांव से बरात आई थी। रात करीब 12 बजे जब बारात की चढ़त हो रही थी, तब वहां मौजूद चार डीजे संचालकों के बीच आपस में सबसे तेज आवाज निकालने की होड़ शुरू हो गई। डीजे की धमक इतनी तेज थी कि पारमिता स्कूल के पास स्थित सुरेश के घेर में बने भूसे के कमरे की पुरानी दीवार कंपन बर्दाश्त नहीं कर सकी और ढह गई।

दीवार गिरते ही वहां भगदड़ मच गई। चढ़त में डांस कर रहे गांव के प्रिंस (10) और धमेडा निवासी संजू (11) दीवार के नीचे दब गए। मलबे में दबे बच्चों को देख शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। प्रिंस के पिता रिंकू ने बताया कि ईंटें सीने पर गिरने के कारण उसे अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं, जबकि संजू की दोनों टांगों में फ्रैक्चर है। इसके अलावा शिवा गौतम, सम्राट गौतम, निर्देश, पिंदर लोधी और राजू लोधी घायल हैं।

200 डेसिबल का शोर और कानून की अनदेखी : नियमों के मुताबिक, रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पूर्ण प्रतिबंध है और सामान्यतः 45 डेसिबल तक ही अनुमति होती है। लेकिन यहां नियमों को दरकिनार कर रात 12 बजे के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाए जा रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे गांव के लोग इस शोर से परेशान थे, लेकिन डीजे संचालक और बराती मानने को तैयार नहीं थे।

घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी और डीजे बंद कराए गए। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।- रामकरण सिंह, सीओ स्याना

Leave a Reply