गाजियाबाद: देरी से आना, बेवजह गायब रहना… फिर जैसे ही मांगी छुट्टी तो बैंक मैनेजर ने लगाई डांट, गुस्से में गार्ड ने कर दी हत्या!

गाजियाबाद: देरी से आना, बेवजह गायब रहना… फिर जैसे ही मांगी छुट्टी तो बैंक मैनेजर ने लगाई डांट, गुस्से में गार्ड ने कर दी हत्या

दिल्ली से सटे गाजियाबाद का बलराम नगर उस वक्त दहल गया, जब यहां बैंक के सिक्योरिटी गार्ड ने मैनेजर को गोली मार दी. इससे बैंक मैनेजर की मौत हो गई. वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गार्ड अपने साथी संग भाग गया. मगर बाद में पुलिस ने आरोपी गार्ड और उसके साथी को अरेस्ट कर लिया.

घटना लोनी के बलराम नगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक की है. वारदात को सोमवार दोपहर करीब 12:50 से 1:45 बजे के बीच अंजाम दिया गया. बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड रविंद्र हुड्डा ने अपने ही ब्रांच मैनेजर अभिषेक शर्मा (34 वर्ष) की सीने में गोली मारकर हत्या कर डाली. घटना के समय बैंक में 50-60 ग्राहक मौजूद थे, जिनमें फायरिंग के बाद हड़कंप मच गया.

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी गार्ड रविंद्र सोमवार सुबह ड्यूटी पर नहीं आया था. मैनेजर अभिषेक ने उसे फोन कर फटकार लगाई और तुरंत बैंक आने को कहा. दोपहर में रविंद्र अपने साथी शीशपाल के साथ बाइक से बैंक पहुंचा. उसने हाफ पैंट और टी-शर्ट पहन रखी थी. बैंक में दाखिल होकर उसने वहां रखी अपनी लाइसेंसी बंदूक उठाई और सीधे मैनेजर के केबिन में घुस गया. वहां छुट्टी और वेतन को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद रविंद्र ने अभिषेक के सीने में गोली दाग दी.

फरार आरोपी गिरफ्तार

गोली मारने के बाद आरोपी गार्ड बड़े आराम से बंदूक लहराते हुए अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया. बैंक कर्मचारी घायल मैनेजर को बाइक से दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी रविंद्र हुड्डा और उसके सहयोगी शीशपाल को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से हत्या में प्रयुक्त बंदूक भी बरामद कर ली गई है.

विवाद का मुख्य कारण

आरोपी गार्ड अक्सर बिना बताए ड्यूटी से गायब रहता था और लंच के बाद देर से आता था. मैनेजर ने इसकी शिकायत सिक्योरिटी एजेंसी से की थी. रविंद्र का कहना है कि उसे छुट्टियां नहीं मिल रही थीं और वह अपने वेतन से भी असंतुष्ट था. आरोपी 2018 में भारतीय सेना से रिटायर हुआ था और वह शराब का आदी बताया जा रहा है.

पीड़ित परिवार का हाल

मूल रूप से पटना (बिहार) के लखीपुर गांव के रहने वाले अभिषेक शर्मा अगस्त 2025 से इस शाखा में तैनात थे. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। वो अपने परिवार के साथ टीला मोड़ स्थित सोसाइटी में रहते थे. हाल ही में उनके घर बेटी हुई थी, जिसकी मन्नत पूरी होने पर वे होली के समय गांव गए थे. उनके पिता ने बड़े संघर्षों से उन्हें पढ़ाया था और वह पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.

Leave a Reply