
Gold Price Today: देश में सोने की कीमतों में इन दिनों हल्की नरमी देखने को मिल रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ते तनाव और मजबूत डॉलर के बीच भारत में सोना एक बार फिर ₹1.60 लाख से नीचे आ गया है। शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना मामूली गिरावट के साथ ₹1,58,400 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। यह लगातार दूसरा हफ्ता है जब सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
क्या है डिटेल
वैश्विक बाजार में भी सोने की चाल सुस्त दिखाई दे रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर COMEX पर गोल्ड की कीमत लगभग 5,120 डॉलर प्रति औंस के आसपास बनी हुई है। विश्लेषकों का कहना है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव, खासकर अमेरिका, ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते टकराव ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है। हालांकि आम तौर पर ऐसे हालात में सोने की कीमतें बढ़ती हैं, लेकिन इस बार मजबूत डॉलर और बढ़ते बॉन्ड यील्ड ने गोल्ड की रैली को थाम दिया है।
ये भी पढ़ें:₹19000 सस्ता हुआ है सोना, अभी और गिरेगा भाव? जानिए वजह
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर हमले पहले से ज्यादा तेज कर दिए हैं, जिससे साफ संकेत मिलता है कि यह संघर्ष जल्दी खत्म होने वाला नहीं है। इस टकराव का असर ऊर्जा बाजारों पर भी पड़ रहा है और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। इससे वैश्विक महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
क्या कहते हैं जानकार
ब्रोकरेज फर्म चॉइस ब्रोकिंग के कमोडिटी और करेंसी एनालिस्ट आमिर मकदा के मुताबिक सोने की कीमतों में गिरावट की बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड का बढ़ना है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी बॉन्ड यील्ड करीब 4.27% तक पहुंच गई है, जिससे निवेशकों का झुकाव सुरक्षित ब्याज देने वाले विकल्पों की ओर बढ़ रहा है और सोने पर दबाव पड़ रहा है। ऐसे में आने वाले कुछ सत्रों में सोने में हल्का कमजोर रुख बना रह सकता है।
ये भी पढ़ें:₹30 के शेयर पर कल से रखें नजर, 18 मार्च को होने वाला है बड़ा ऐलान
तकनीकी नजरिए से भी फिलहाल सोने में ज्यादा तेजी के संकेत नहीं मिल रहे हैं। हालांकि कीमत अभी भी अपने अहम मूविंग एवरेज से ऊपर बनी हुई है, इसलिए लंबी अवधि का ट्रेंड पूरी तरह कमजोर नहीं माना जा रहा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ट्रेडर्स फिलहाल ‘सेल ऑन राइज’ यानी कीमत बढ़ने पर बिकवाली की रणनीति अपना सकते हैं।
वहीं Enrich Money के सीईओ पोनमुडी आर का मानना है कि अगर सोना ₹1,58,000 के ऊपर टिकता है तो इसमें फिर से तेजी देखने को मिल सकती है और कीमत ₹1,62,000 से ₹1,65,000 तक जा सकती है। मजबूत माहौल बनने पर यह ₹1,68,000 से ₹1,70,000 तक भी पहुंच सकता है। लेकिन अगर कीमत ₹1,57,000 के नीचे फिसलती है तो गिरावट तेज हो सकती है और भाव ₹1,55,000 से ₹1,50,000 के सपोर्ट जोन तक जा सकते हैं। इसलिए फिलहाल निवेशकों को बाजार की दिशा पर नजर रखते हुए सावधानी के साथ निवेश करने की सलाह दी जा रही है।



