
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में प्रशासन ने अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा में पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात एक घर पर छापेमारी कर 32 गैस सिलेंडर बरामद किए. आरोपी महज 30 रुपये के अतिरिक्त मुनाफे के लिए घनी आबादी के बीच इन सिलेंडरों का अवैध स्टॉक कर रहा था, जो सुरक्षा की दृष्टि से एक बड़ा खतरा बना हुआ था.
हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा बालियान ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं. इसी बीच गुरुवार रात करीब 9 बजे सूचना मिली कि असौड़ा गांव के फूटा कुआं स्थित पंचायती घर के पास रिहान अहमद नामक व्यक्ति ने अपने निजी आवास में सिलेंडरों का जखीरा छिपा रखा है. पूर्ति निरीक्षक प्रीति और थाना हापुड़ देहात पुलिस ने मौके पर दबिश दी, तो घर के अंदर का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए.
महज 30 रुपये का मुनाफा और बड़ा जोखिम
जांच में सामने आया कि रिहान अहमद गांव के भोले-भाले लोगों को ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचकर प्रति सिलेंडर 30 रुपये का अवैध मुनाफा कमा रहा था. छापेमारी के दौरान टीम को 18 भरे हुए और 14 खाली (कुल 32) घरेलू सिलेंडर मिले. ये सभी सिलेंडर बिना किसी वैध अनुमति के स्टॉक किए गए थे. इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का भंडारण न केवल कालाबाजारी है, बल्कि भीषण अग्निकांड का कारण भी बन सकता था.
कानूनी कार्रवाई और पुलिस की चेतावनी
घटना के बाद पूर्ति निरीक्षक प्रीति की तहरीर पर थाना देहात कोतवाली में आरोपी रिहान के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है. जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने बताया- हापुड़ में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। लोगों को किसी भी बिचौलिये के चक्कर में पड़ने की जरूरत नहीं है. वे ऑनलाइन पंजीकरण कर सीधे एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं.



