
कर्नाटक के बेंगलुरु से भक्ति की आड़ में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बेंगलुरु की राजाजीनगर पुलिस ने एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जो खुद को बड़ा व्यापारी बताकर मंदिरों के पुजारियों का विश्वास जीतता था और फिर उनके परिवारों के जेवर लेकर रफूचक्कर हो जाता था. पुलिस ने आरोपी प्रवीण भट्ट के पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए हैं.
प्रवीण भट्ट की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। वो शहर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध मंदिरों में जाता और वहां खुद को एक संपन्न बिजनेसमैन के रूप में पेश करता था. पुजारियों का विश्वास जीतने के लिए वह अक्सर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करवाता था. दान-पात्र में हजारों रुपये डालता था ताकि किसी को शक न हो. पुजारियों के साथ पारिवारिक संबंध विकसित कर लेता था.
नई दुकान की पूजा का बहाना
जब पुजारी उस पर पूरी तरह भरोसा करने लगते, तब प्रवीण अपना असली खेल शुरू करता. वह बहाना बनाता कि उसने एक नई दुकान खोली है और उसके उद्घाटन के लिए उसे गॉडफादर के रूप में पुजारी के परिवार की उपस्थिति और विशेष आशीर्वाद की जरूरत है.
अक्सर पुजारी अपने काम में व्यस्त होने के कारण अपनी पत्नी या परिवार की महिलाओं को उसके साथ भेज देते थे. आरोपी महिलाओं को ऑटो में बैठाकर ले जाता और रास्ते में बड़ी चालाकी से कहता, “जहां हम जा रहे हैं, वहां गहने पहनना ठीक नहीं है, सुरक्षा के लिहाज से आप इन्हें उतारकर मुझे दे दें, मैं बाद में लौटा दूंगा.” जैसे ही महिलाएं गहने उसे सौंपती, वह उन्हें बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो जाता.
15 लाख के जेवर बरामद, 5 थानों में केस दर्ज
राजाजीनगर पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि प्रवीण के खिलाफ हेब्बल, राममूर्तिनगर, सिटी मार्केट, और सीके अचुकट्टू जैसे इलाकों में धोखाधड़ी के 5 से अधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने उसके पास से 116 ग्राम सोना और 409 ग्राम चांदी बरामद की है. फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य संभावित वारदातों का पता लगाया जा सके.





