
सुलताना/चिड़ावा। झुंझुनूं जिले में कुछ घंटे के अंतराल में पति और पत्नी ने अलग-अलग जगह आत्महत्या कर ली। पहले पत्नी ने पदमपुरा गांव में अपने घर में फंदा लगाकर जान दी। इसकी सूचना मिलने पर जयपुर जा रहे पति ने नवलगढ़ के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उसने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली और लिखा कि ‘मिस यू भारती… म्हें भी कोनी रह सकूं तेरे बिना… तेरे से वादो कर्यो, वो निभा दियो… मिस यू बेटा।’
जानकारी के अनुसार पदमपुरा निवासी सचिन दूधवाल (25) की शादी वर्ष 2024 में भारती (23) से हुई थी। बताया जा रहा है कि भारती अपनी बीमार मां से मिलने पीहर जाना चाहती थी, लेकिन किसी कारणवश नहीं जा सकी। इस बात को लेकर दंपती के बीच विवाद हो गया।
सचिन जयपुर में प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता है। शनिवार सुबह वह जयपुर के लिए रवाना हुआ। उसके घर से निकलने के कुछ घंटों बाद ही भारती ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर सचिन गहरे सदमे में आ गया और दुर्जनपुरा रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त ली.
जयपुर के लिए निकला था, ट्रेन के आगे कूद
नवलगढ़ कस्बे के दुर्जनपुरा मारो का डंडा रेलवे अंडरपास के पास शनिवार दोपहर सवा एक बजे ट्रेन से कटकर सचिन की मौत हो गई। घटना के बाद सीकर से आई रेलवे पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लिया और नवलगढ़ जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। मृतक के रिश्ते में भाई पूर्व पंचायत समिति सदस्य गोकुल ने शव की शिनाख्त की। गोकुल ने बताया कि सचिन 10-12 दिन से घर आया हुआ था और शनिवार को सुबह ही वापस जयपुर के लिए निकला था। दोपहर बाद अस्पताल पहुंचे सचिन के परिजनों को शव सौंपा गया।
दो दिन पहले मनाया था बेटे का जन्मदिन
दंपती के एक वर्षीय बेटे प्रियांशु का दो दिन पहले ही पहला जन्मदिन मनाया गया था। अब मासूम बच्चे के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है।
दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका के भाई चमनप्रकाश ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। भारती के शव का चिड़ावा के राजकीय उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। उधर सचिन के शव को नवलगढ़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
गोल्ड मैडलिस्ट थी भारती
मृतका भारती के पिता ओमप्रकाश खारिया ने बताया कि उनकी बेटी प्रतिभाशाली खिलाड़ी थी और स्पोर्ट्स में गोल्ड मेडल जीत चुकी थी। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही भारती को छोटी-छोटी बातों पर ताने दिए जाते थे और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था।
पदमपुरा पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सुलताना थाना से थानाधिकारी रविंद्र सिंह मय जाब्ता पदमपुरा पहुंचे। पुलिस ने शव को पंखे से नीचे उतरवाकर चिड़ावा के उप राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। चिड़ावा से डिप्टी विकास धींधवाल भी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर गहनता से जांच शुरू कर दी।





