वजन बढ़ा तो केबिन क्रू की सैलरी पर चलेगी कैंची, Air India का एयर होस्‍टेस को सख्त आदेश!


Air India Tightens Fitness Rules : देश की सबसे बड़ी एयरलाइन में एक एयर इंडिया (Air India) ने बड़ा फैसला लिया है. एयर इंडिया नई हेल्थ और फिटनेस कंप्लायंस नीति लागू करने जा रही है. इसका सीधा असर केबिन क्रू की ड्यूटी रोस्टर और सैलरी पर पड़ सकता है. इस नीति के तहत तय बॉडी मास इंडेक्स (BMI) मानकों से बाहर रहने वाले कर्मचारियों को डि-रोस्टर किया जा सकता है और उन्हें वेतन कटौती का सामना करना पड़ सकता है.

कब से लागू होगी नई नीति?
ये नई नीति 1 मई से लागू होगी और इसमें केबिन क्रू की एलिजिबिलिटी को BMI रीडिंग और फंक्शनल फिटनेस आकलन से जोड़ा गया है. नीति के अनुसार 18 से 24.9 के बीच BMI को ‘नॉर्मल’ माना गया है.

क्या है BMI पैरामीटर?
अगर किसी का BMI 18 से कम है तो उसे अंडरवेट माना जाएगा. हालांकि, ऐसे मामलों को पूरी तरह खारिज नहीं किया जाएगा. लेकिन संबंधित क्रू सदस्य को मेडिकल जांच और फंक्शनल आकलन पास करना होगा. वहीं, 25 से 29.9 के बीच BMI वाले कर्मचारियों को ओवरवेट श्रेणी में रखा गया है. इस श्रेणी के लोग भी फंक्शनल आकलन पास करने पर काम जारी रख सकते हैं. लेकिन, 30 या उससे अधिक BMI को मोटापा (ओबेस) माना गया है और इसे नई नीति के तहत स्वीकार्य नहीं माना जाएगा.

इसमें जो कर्मचारी अंडरवेट या ओवरवेट पाए जाएंगे. उन्हें डि-रोस्टर कर फंक्शनल आकलन के लिए भेजा जाएगा. अगर वे इस आकलन में असफल होते हैं, तो उन्हें तब तक बिना वेतन (लॉस ऑफ पे) पर रखा जाएगा. जब तक वे तय मानकों को पूरा नहीं कर लेते. मोटापा के श्रेणी में आने वाले कर्मचारियों के लिए तुरंत डि-रोस्टरिंग और वेतन रोकने का प्रावधान किया गया है. उन्हें एक तय समयसीमा के भीतर अपना BMI निर्धारित सीमा में लाना होगा.

एयरलाइन ने क्या कहा?
कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में एयरलाइन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कर्मचारियों को सही वजन बनाए रखने की प्रक्रिया से परिचित कराना है. एयरलाइन ने ये भी स्पष्ट किया कि फिलहाल यह नीति एक तैयारी के तौर पर लागू की जा रही है. ताकि आगे और सख्त फिटनेस मानकों को लागू किया जा सके. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। ये नीति सक्रिय केबिन क्रू के साथ-साथ ट्रेनिंग ले रहे कर्मचारियों पर भी लागू होगी.

बता दें, टाटा ग्रुप द्वारा जनवरी 2022 में अधिग्रहण के बाद एयर इंडिया में लगातार पुनर्गठन की प्रक्रिया चल रही है. पिछले चार वर्षों में एयरलाइन ने अपने पुराने वर्कफोर्स के बड़े हिस्से को भी चरणबद्ध तरीके से हटाया है. अधिकारियों के मुताबिक, जो कर्मचारी BMI मानकों को पूरा नहीं करेंगे, खासकर मोटापा के श्रेणी में रहेंगे. उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply