
Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ के निगड़ी इलाके के एक मंदिर में दर्शन के लिए आई नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. आरोप है कि मेट्रो पिलर निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर ने बच्ची को अकेला देखकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
जानकारी के मुताबिक, बच्ची निगड़ी स्थित एक मंदिर में दर्शन करने आई थी. वह मंदिर में अकेली थी और दर्शन करने के बाद कुछ देर वहां एक कोने में रुकी हुई थी. इसी दौरान मेट्रो स्तंभ निर्माण कार्य में लगा एक मजदूर मंदिर पहुंचा. आरोप है कि उसने बच्ची को अकेला देखकर उसे एक कोने में खींच लिया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा.
बच्ची ने आरोपी को दिया धक्का
हालांकि, बच्ची ने विरोध करते हुए आरोपी को धक्का दिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी. बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर वहां से भाग गया. घटना के बाद बच्ची रोने लगी. मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद होने की बात सामने आई है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश
मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए निगड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मजदूर को हिरासत में ले लिया.
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बढ़ी चिंता
फिलहाल, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया जारी होने की जानकारी है. इस घटना ने इलाके में नाबालिग बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है.
ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है।


