
Murdered her husband and faked a heart attack: कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की मौत को पहले हार्ट अटैक बताया गया था, लेकिन बाद में यह खौफनाक हत्या साबित हुई. पीड़ित परमेश (50 वर्ष), जो दिहाड़ी मजदूर थे, की 29 जनवरी की रात को मौत हो गई. उनकी पत्नी पी. आशा, जो हाउसकीपिंग का काम करती थीं, ने रिश्तेदारों को बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था.
परिवार ने अगले दिन ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया और शव को दफना दिया. शुरुआत में किसी को कोई संदेह नहीं हुआ. मगर महज 20 दिन बाद, 19 फरवरी को आशा ने अपने कथित प्रेमी चंद्रप्पा (48 वर्ष), जो एक कुक थे, से शादी कर ली. यह जल्दबाजी परमेश की बहनों को अटपटी लगी. उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है.
उन्होंने हेब्बूर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और हत्या का शक जताया. शिकायत मिलने पर पुलिस ने तहसीलदार और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला. पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मौत की वजह दिल का दौरा नहीं, बल्कि दम घुटने (Suffocation) से होने के साफ संकेत मिले. फॉरेंसिक जांच में भी यही पुष्टि हुई.
पुलिस ने आशा और चंद्रप्पा को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की. दोनों ने अंततः जुर्म कबूल कर लिया. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। जांच के मुताबिक, परमेश को शराब पीने की आदत थी और वे रात में पीकर सो जाते थे. उसी रात, जब वे गहरी नींद में थे, आशा और चंद्रप्पा ने मिलकर तकिए से उनका मुंह दबाया और उन्हें मार डाला. इसके बाद मौत को प्राकृतिक दिखाने की कोशिश की गई. पुलिस ने दोनों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच अभी भी जारी है और आगे के सुराग जुटाए जा रहे हैं.


