सुसाइड सीन दिखाने के चक्कर में चली गई जान, 4 साल की मासूम के सामने मां ने तोड़ा दम… गले में डाला था फांसी का फंदा!

सुसाइड सीन दिखाने के चक्कर में चली गई जान, 4 साल की मासूम के सामने मां ने तोड़ा दम… गले में डाला था फांसी का फंदा

सोशल मीडिया जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक या यूट्यूब पर रील बनाने का जानलेवा जुनून अब परिवारों को तबाह कर रहा है. उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू कस्बे से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 27 वर्षीय महिला की रील बनाने के दौरान मौत हो गई. महिला कैमरे के सामने फांसी लगाने का नाटक (सीन) कर रही थी, लेकिन तभी अचानक फंदा कस गया और हकीकत में उसकी जान चली गई.

घटना बबेरू कस्बे के करूइया पुरवा इलाके की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला मोहनी (27) शुक्रवार दोपहर घर में अकेली थी. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उसका पति जगदीश काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था. दोपहर के वक्त मोहनी ने मोबाइल से रील बनाने की सोची. उसने कमरे में लगे एक हुक पर रस्सी का फंदा लटकाया और मोबाइल का कैमरा ऑन कर सुसाइड सीन रिकॉर्ड करने लगी.

मासूम बेटी के सामने हुआ खौफनाक हादसा

रील के दौरान जैसे ही मोहनी ने गले में फंदा डाला, संतुलन बिगड़ने या किसी तकनीकी चूक की वजह से रस्सी अचानक गले में कस गई. देखते ही देखते उसकी सांसें थम गईं. कुछ ही देर बाद जब मोहनी की चार साल की मासूम बेटी कमरे में पहुंची, तो वहां का नजारा देख उसकी चीख निकल गई. उसकी मां बेजान होकर फंदे से लटक रही थी. बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी.

बेटी ने पुलिस को बताई सच्चाई

कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह रजावत ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला रील बनाने के दौरान हुए हादसे का ही नजर आ रहा है. मृतका की बेटी ने पुलिस को साफ तौर पर बताया- मां मोबाइल पर रील देख रही थी और वैसी ही रील बनाने के चक्कर में फंदे पर झूल गई. हालांकि, परिजनों ने लिखित शिकायत में मौत का कारण ‘अज्ञात’ बताया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.

डिजिटल लत का ‘डेथ अलार्म’

यह कोई पहली घटना नहीं है जब रील बनाने के चक्कर में किसी की जान गई हो. जानकारों का कहना है कि लोग स्क्रीन पर दिखने वाले सिनेमैटिक दृश्यों को बिना किसी सुरक्षा के दोहराने की कोशिश करते हैं, जो घातक साबित होता है. बांदा की इस घटना ने एक बार फिर यह चेतावनी दी है कि डिजिटल दुनिया की चमक-धमक कहीं असल जिंदगी के चिराग न बुझा दे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल को कब्जे में लेकर उन रील्स की जांच की जा रही है जो मोहनी रिकॉर्ड कर रही थी.

Leave a Reply