प्रधानमंत्री Narendra Modi शनिवार को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से पीएमकिसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इस किस्त के तहत करीब 9.44 करोड़ किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी जाएगी. हालांकि, सभी पंजीकृत किसानों को 2,000 रुपये की किस्त मिले, यह जरूरी नहीं है.

कई बार eKYC अधूरी होने, आधार और बैंक खाते की जानकारी में गड़बड़ी या अन्य तकनीकी कारणों से किस्त अटक सकती है. इसलिए किसानों को पहले ही अपने रिकॉर्ड की जांच कर लेनी चाहिए.

1. eKYC पूरी नहीं की

PMKisan योजना के सभी लाभार्थियों के लिए eKYC अनिवार्य है. जिन किसानों ने अभी तक eKYC पूरी नहीं की है, उनकी किस्त रुक सकती है.

eKYC तीन तरीकों से की जा सकती है:

  • OTP आधारित eKYC
  • बायोमेट्रिक eKYC
  • फेस ऑथेंटिकेशन आधारित eKYC

2. आधार और PMKisan की जानकारी में अंतर

यदि आपके नाम, जन्म तिथि, लिंग या आधार नंबर की जानकारी PMKisan रिकॉर्ड और आधार कार्ड में अलगअलग है, तो सत्यापन प्रक्रिया फेल हो सकती है और किस्त नहीं आएगी.छोटी सी स्पेलिंग की गलती भी भुगतान रुकने का कारण बन सकती है.

3. बैंक खाते की जानकारी गलत होना

अगर बैंक खाता बंद है, निष्क्रिय है, गलत खाता संख्या दर्ज है या आधार से सही तरीके से लिंक नहीं है, तो DBT के जरिए पैसा ट्रांसफर नहीं हो पाएगा.किसानों को खाता संख्या, IFSC कोड और आधार सीडिंग की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए.

4. भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन लंबित होना

PMKisan योजना का लाभ पाने के लिए भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन जरूरी है. यदि जमीन से जुड़े दस्तावेज अधूरे हैं या राज्य सरकार द्वारा उनका सत्यापन अभी बाकी है, तो किस्त रोकी जा सकती है.कृषि भूमि का गैरकृषि उपयोग होने की स्थिति में भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा.

5. सत्यापन में अपात्र पाए जाना

कुछ श्रेणियों के लोग PMKisan योजना के लिए पात्र नहीं हैं. इनमें आयकरदाता, सेवारत या सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी , डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट और अन्य पेशेवर शामिल हैं.यदि सत्यापन के दौरान कोई लाभार्थी अपात्र पाया जाता है, तो उसकी किस्त रोक दी जा सकती है.

PMKisan योजना क्या है?

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना 24 फरवरी 2019 को शुरू की गई थी. इसके तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में हर चार महीने पर सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है.

  • किस्त जारी होने से पहले ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
  • PMKisan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
  • “Know Your Status” विकल्प पर क्लिक करें.
  • अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें.
  • कैप्चा भरकर OTP प्राप्त करें.
  • OTP दर्ज करने के बाद “Get Data” पर क्लिक करें.

यहां आप भुगतान की स्थिति, किस्तों का रिकॉर्ड, बैंक विवरण और eKYC स्टेटस देख सकते हैं.किसान अपने गांव की लाभार्थी सूची में नाम भी जांच सकते हैं. इसके लिए PMKisan पोर्टल पर “Beneficiary List” विकल्प चुनकर राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव की जानकारी भरनी होगी. इसके बाद पात्र किसानों की सूची दिखाई दे जाएगी.