
Rajpal Yadav: बॉलीवुड फेमस एक्टर और कॉमेडियन राजपाल यादव 13 दिन दिल्ली की तिहाड़ जेल में रहने के बाद अन्तरिम जमानत पर 18 मार्च तक बाहर है. उन्होंने जेल से छूटते ही काम शुरू कर दिया और अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन में जुट गए. 28 फरवरी को मुंबई में उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की, जिसमें खुद पर लगे आरोपों पर खुलकर सफाई दी. उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें धमकी मिली थी. अब सोशल मीडिया पर चल रही खबरों का एक्टर ने खंडन किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्होंने जज के सामने रोते हुए कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं.
‘जज के सामने कभी नहीं रोए’
एक्टर ने हाल ही में एक न्यूज एजेंसी को बताया कि वह जज के सामने कभी नहीं रोए और न ही कोर्ट को कभी बताया कि उनके पास पैसे नहीं हैं. राजपाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो खबरें चल रही हैं, उनमें से कुछ तो शुभचिंतक फैला रहे हैं और ज्यादातर वे लोग हैं जिन्हें मामले के बारे में कोई जानकारी नहीं है. वे केवल इंटरनेट पर फैक्ट्स को तोड़-मड़ोकर पेश कर रहे हैं और अपनी दुकानें चला रहे हैं. मैं सबकी इज्जत करता हूं, लेकिन ऐसी अफवाहों पर यकीन न करें.
‘इंडस्ट्री के कई लोग उनके साथ खड़े’
उन्होंने आगे कहा अगर कोई राजपाल के चेहरे को देखता है, तो उसे सिर्फ हंसी आनी चाहिए. इससे ज्यादा की उम्मीद न करें। मेरा चेहरा हमेशा हंसी-खुशी का प्रतीक रहा है और रहेगा. राजपाल ने इस दौरान मुश्किल समय में मिले सहारे की भी बात की. उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में इंडस्ट्री के कई लोग उनके साथ खड़े हुए और उनकी मदद की. हालांकि, सोशल मीडिया पर उन लोगों के नाम ज्यादा हाईलाइट नहीं हुए. एक्टर ने कहा कि परिवार से भी उन्हें लगातार मजबूत समर्थन मिल रहा है, जो उनके लिए सबसे बड़ा सहारा है.
18 मार्च तक मिली अंतरिम बेल
गौरतलब है कि राजपाल यादव को हाल ही में चेक बाउंस के एक मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली थी. कोर्ट ने उन्हें अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए 18 मार्च तक की अंतरिम बेल दी. सुनवाई के दौरान राजपाल के वकील ने कोर्ट को सूचित किया कि एक्टर ने 1.5 करोड़ रुपए का डिमांड ड्राफ्ट जमा कर दिया है। साथ ही, उन्हें अपना पासपोर्ट भी सरेंडर करने का निर्देश दिया गया. इस मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को निर्धारित है.





