
मध्य प्रदेश के इंदौर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नवविवाहिता ने शादी के महज 10 महीने बाद अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. विजय नगर पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. विजयनगर क्षेत्र के कल्प कामधेनू नगर में रहने वाली मोनिका पटेल ने 2 फरवरी को अपने ही घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी. सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो मोनिका का शव फंदे पर लटका मिला.
मोनिका ने 10 महीने पहले ही रितेश पटेल के साथ प्रेम विवाह किया था. रितेश पेशे से रेपिडो (Rapido) बाइक चलाता है, जबकि मोनिका घर पर ही सिलाई का काम करके आर्थिक मदद करती थी. शादी के बाद मोनिका अपने पति और सास राधा पटेल के साथ रह रही थी.
पिता ने सुनाई पूरी कहानी
मोनिका की मौत के बाद उसके पिता ने जो कहानी सुनाई, वह किसी फिल्म की तरह अतीत की कड़ियों को जोड़ती है. पिता ने बताया कि 10 महीने पहले मोनिका अचानक लापता हो गई थी. उस वक्त उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और उसकी काफी तलाश की. कुछ समय बाद पता चला कि उसने रितेश के साथ प्रेम विवाह कर लिया है. लेकिन, पिता का आरोप है कि यह हैप्पी एंडिंग नहीं थी. मोनिका की बड़ी बहन ने खुलासा किया कि मोनिका अपनी शादीशुदा जिंदगी में बिल्कुल खुश नहीं थी. उसे पति और सास लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.
पति का बहाना और पुलिस की जांच
घटना के दिन पति रितेश ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी. उसने बताया कि सिलाई के कपड़े लाने की बात को लेकर मोनिका से उसकी मामूली कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह घर से बाहर चला गया और पीछे से मोनिका ने यह कदम उठा लिया. हालांकि, पुलिस को यह दलील गले नहीं उतरी. परिजनों के बयानों और शुरुआती जांच के आधार पर एसपी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। जांच में पाया गया कि प्रताड़ना का सिलसिला लंबे समय से चल रहा था, जिससे तंग आकर मोनिका ने मौत को गले लगा लिया.
अब तक की कार्रवाई
विजयनगर पुलिस ने अब आरोपी पति रितेश पटेल और सास राधा पटेल के खिलाफ प्रताड़ना और धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि क्या सुसाइड के पीछे कोई और तात्कालिक कारण भी था.


