
आगरा। भाभी अपनी बहन की शादी देवर से करवाना चाहती थी, लेकिन न तो ससुराल वाले इस रिश्ते के लिए तैयार थे और न ही देवर ऐसा चाहता था। इस बात से नाराज भाभी ने रात को देवर का प्राइवेट पार्ट काट डाला।
यूपी के आगरा के बरहन क्षेत्र के गांव खेड़ी अडू में सोमवार रात (दिवाली) एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने देवर का प्राइवेट पार्ट काट दिया, क्योंकि वह अपनी बहन से उसकी शादी करवाना चाहती थी और परिवार ने इसका विरोध किया था। घटना के बाद घायल इंजीनियर को गंभीर हालत में दिल्ली एम्स रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी की। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दिवाली मनाने घर आया था इंजीनियर देवर
जानकारी के मुताबिक, योगेश कुमार, जो हल्द्वानी की एक सीमेंट कंपनी में सहायक इंजीनियर हैं, दिवाली मनाने के लिए रविवार को घर आए थे। सोमवार को पूजा के बाद वे घर के बाहर सो गए थे। देर रात करीब दो बजे उनकी भाभी ने उन्हें कमरे में बुलाया और उस दौरान धारदार वस्तु से हमला कर उनका प्राइवेट पार्ट काट दिया।
महिला अपने पति संग फरार
योगेश की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी महिला अपने पति और तीन बच्चों के साथ घर से फरार हो गई।
शादी को लेकर था विवाद
परिजनों के अनुसार, आरोपी भाभी अपनी छोटी बहन से देवर की शादी करवाने के लिए दबाव बना रही थी। लेकिन योगेश के परिवार ने उनकी शादी किसी और जगह तय कर दी थी, जो नवंबर में होनी थी। इसी बात से नाराज होकर भाभी ने यह कदम उठाया।
जेठानी की तहरीर पर केस दर्ज
घटना के बाद जेठानी ने थाने में तहरीर दी, जिसमें लिखा कि देवरानी अर्चना देवर की शादी अपनी बहन से करवाना चाहती थी। जब परिवार ने इनकार किया, तो उसने यह घिनौनी वारदात कर दी।
पुलिस का बयान
थानाध्यक्ष बरहन के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया है कि घायल इंजीनियर अब खतरे से बाहर हैं, लेकिन अभी 48 घंटे की निगरानी में हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि घायल के ठीक होने के बाद उसका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।