
आगरा: आगरा के जगदीशपुरा इलाके में रविवार रात एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब फेरों से ठीक पहले पुलिस ने पहुंचकर शादी रुकवा दी। सूचना मिली थी कि दुल्हन नाबालिग है। रविवार रात करीब 9:30 बजे चाइल्ड लाइन को हेल्पलाइन नंबर 1098 पर जगदीशपुरा क्षेत्र में नाबालिग लड़की की शादी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चाइल्ड लाइन समन्वयक ब्रजेश कुमार गौतम अपनी टीम के साथ पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे।
बारात आ चुकी थी, दूल्हा मंडप में बैठा था
हाथरस के सादाबाद से बारात आ चुकी थी। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। बाराती भोजन कर चुके थे और दूल्हा मंडप में बैठकर दुल्हन का इंतजार कर रहा था। परिवार के लोग दुल्हन को मंडप तक लाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देखते ही बारातियों और घरातियों में अफरातफरी मच गई।
दस्तावेजों में निकली नाबालिग
दुल्हन के परिजनों ने उसके बालिग होने का दावा किया, लेकिन जब पुलिस ने आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की तो वह नाबालिग पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ महीने पहले परिजनों ने ही पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था, जिसमें लड़की को नाबालिग बताया गया था। उस समय हुए मेडिकल परीक्षण में भी उसकी उम्र कम पाई गई थी।
दूल्हे को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
मंडप में बैठे दूल्हे और उसके परिजनों को पुलिस ने नाबालिग से शादी करने के कानूनी परिणामों की जानकारी दी। दूल्हे के परिजनों का कहना था कि उन्हें लड़की के नाबालिग होने की जानकारी नहीं थी।
आशा ज्योति केंद्र भेजी गई लड़की
चाइल्ड लाइन समन्वयक ब्रजेश कुमार गौतम के अनुसार, दस्तावेजों के आधार पर लड़की नाबालिग है। पुलिस की मदद से उसे रेस्क्यू कर फिलहाल आशा ज्योति केंद्र भेज दिया गया है।




