
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के ‘हृदय स्थल’ अजमेर पहुँच रहे हैं। यहाँ वे केंद्र और राज्य सरकार की साझा विकास यात्रा को नई गति प्रदान करते हुए विभिन्न क्षेत्रों की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में होने वाला यह कार्यक्रम प्रदेश के औद्योगिक, सामाजिक और आर्थिक ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। बता दें कि प्रधानमंत्री का इस साल ये पहला राजस्थान दौरा है।
राजस्थान को ‘सौगातें’- 10 बड़ी बातें
1. 43 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
– प्रधानमंत्री केंद्र एवं राज्य सरकार की 16 हजार 686 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 16 हजार 686 करोड़ रुपये की लागत की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
2. राज्य सरकार की 34 परियोजनाएं
– लगभग 8 हजार 554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित हैं। इन विभागों में शहरी विकास, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण, ऊर्जा, जल संसाधन एवं उद्योग आदि शामिल हैं।
3. NHAI-ऊर्जा के 9 प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण-शिलान्यास
– राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा से जुड़ीं करीब 8 हजार 132 करोड़ रुपये की 9 प्रमुख परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं में 2 का शिलान्यास और 7 का लोकार्पण होगा।
4. राजस्थान का मजबूत होगा सड़क तंत्र
– प्रधानमंत्री 4 हजार 516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में लगभग 1 हजार 207 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 सेक्शन में एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिजवे और प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण के कार्य शामिल हैं।
5. जयपुर, जोधपुर में एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट्स
– जयपुर में 286 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पम्प होते हुए मालपुरा गेट तक एलीवेटेड रोड, जोधपुर शहर में महामंदिर से अखल्या चौराहे तक 1 हजार 243 करोड़ रुपये की लागत से 4 लेन एलीवेटेड रोड एवं बारां जिले में 322 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग का शिलान्यास भी करेंगे।
6. पेयजल परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
– स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के अपने संकल्प की दिशा में एक ओर कदम बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नोनेरा वृहद् पेयजल परियोजना के 1 हजार 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 4 पैकेज और परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के 2 हजार 247 करोड़ रुपये की लागत के 5 पैकेजों की आधारशिला रखेंगे।
7. पारेषण प्रणाली का लोकार्पण-शिलान्यास
– प्रधानमंत्री राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के प्रमुख केंद्रों से बिजली के सुगम पारेषण के लिए 3 हजार 616 करोड़ रुपये की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) का शिलान्यास भी करेंगे।
8. पश्चिमी राजस्थान के बड़े प्रोजेक्ट्स
– प्रधानमंत्री राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए जोधपुर पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (जेपीएमआईए) में आधारभूत संरचना और पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
9. युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र
– प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। नियुक्ति पत्र पाने वाले इन युवाओं में 3 हजार 320 से अधिक पटवारी (राजस्व), 2 हजार 291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2 हजार 590 पशुधन सहायक, 3 हजार 822 सीएचओ, 7 हजार 357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्स, नर्स ग्रेड-द्वितीय सहित अन्य नियुक्तियां शामिल हैं।
10. एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत
– प्रधानमंत्री 9 से 14 साल तक की बालिकाओं को एचपीवी टीके की खुराक देकर एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। एचपीवी टीकाकरण अभियान की पहल सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य किशोरियों का प्रारंभिक अवस्था में ही टीकाकरण कर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से बचाना है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। यह कार्यक्रम बीमारी होने से पहले ही उसकी रोकथाम को बढ़ावा देने, महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच को बढ़ाने पर केंद्रित है।


