
Noida Protest Phase 2: नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बड़ा बवाल हुआ है. पिछले तीन दिनों से धरने पर बैठे मजदूरों का आंदोलन हिंसक हो गया है. नोएडा फेज 2 के अलग-अलग इलाकों में हजारों मजदूर सड़कों पर उतरे. इस दौरान सेक्टर 84 में मजदूरों ने दो गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव भी किया.
सड़क जाम कर कर्मचारियों ने की नारेबाजी
इसके अलावा सेक्टर 60 में भी कर्मचारियों ने सड़क जाम कर जमकर नारेबाजी की. इस बड़े बवाल के कारण पूरे शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई और सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा. स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. कल रविवार के दिन जिला प्रशासन, पुलिस और अथॉरिटी के अधिकारियों ने एक बैठक की थी और यह भरोसा दिलाया था कि मजदूरों की मांगें पूरी की जाएंगी.
वेतन बढ़ाने और छुट्टियों को लेकर हैं मुख्य मांगें
नोएडा ही नहीं हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल तक हजारों कर्मचारी सड़कों पर उतर आए. सड़कों पर उतरे इन कर्मचारियों की प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से मुख्य रूप से तीन मांगे हैं. प्रदर्शनकारियों की सबसे बड़ी मांग है कि उनके मौजूदा वेतन को 13 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया जाए. इसके साथ ही, उन्हें उनके द्वारा किए गए ओवरटाइम का उचित भुगतान सुनिश्चित किया जाए और कर्मचारियों की छुट्टियों के लिए अलग से स्पष्ट प्रावधान लागू किए जाएं.
फरीदाबाद और पलवल तक फैली प्रदर्शन की आग
नोएडा के अलावा यह विरोध प्रदर्शन अब पड़ोसी राज्य हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों में भी फैल गया है. फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित सराय ख्वाजा इलाके में एक निजी कंपनी के 500 से अधिक कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कंपनी के बाहर सड़क पर जोरदार प्रदर्शन किया. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। हालात को देखते हुए तुरंत पुलिस बल मौके पर पहुंचा. वहीं, पलवल के पृथला के पास स्थित साई ऑटो कंपनी के कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर आगरा हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे वहां भी लंबा ट्रैफिक जाम लग गया.





