रेप केस से बचने के लिए अपनी ही मौत का ड्रामा, दोस्त की हत्या कर कार समेत जलाया…

सहारनपुर में कार के अंदर मिले जले हुए शव का सनसनीखेज खुलासा किया है। मुख्य आरोपी अर्जुन ने देहरादून में दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे से बचने के लिए अपने दोस्त रोहित की हत्या की और उसे अपनी कार में जलाकर खुद की मौत का ड्रामा रचा।

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की गागलहेड़ी पुलिस ने एक ऐसी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश किया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। एक युवक ने खुद के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे से बचने और कानून की नजर में खुद को ‘मुर्दा’ साबित करने के लिए अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी और उसकी लाश को अपनी कार में रखकर आग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अर्जुन, उसके भाई और दो साथियों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह है पूरा मामला

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 25 फरवरी को गागलहेड़ी क्षेत्र के चौराखुर्द-चांदपुर मार्ग पर एक जली हुई ऑल्टो कार मिली थी। कार की ड्राइविंग सीट पर एक शव पूरी तरह जल चुका था। प्रथम दृष्टया यह हादसा लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कार के मालिक की जानकारी जुटाई, तो शक की सुई अर्जुन की ओर घूमी। शनिवार रात पुलिस ने घेराबंदी कर बड़कला फ्लाईओवर के पास से अर्जुन, उसके भाई विजय, रोबिन और सारिक को गिरफ्तार कर लिया।

दुष्कर्म के केस से बचने के लिए रची ‘मौत की साजिश’

मुख्य आरोपी अर्जुन ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। अर्जुन के खिलाफ देहरादून में एक युवती ने दुष्कर्म (Rape) का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें वह जेल भी जा चुका था। इस मुकदमे के अदालती शिकंजे और संभावित सजा से बचने के लिए उसने अपनी मौत का नाटक रचने की योजना बनाई। उसने सोचा कि अगर वह अपनी कार में किसी और की लाश जला दे, तो पुलिस और कोर्ट उसे मृत मानकर केस फाइल बंद कर देंगे।

दोस्त को बुलाकर पिलाया जहर, फिर जलाया

अपनी इस शैतानी योजना को अंजाम देने के लिए अर्जुन ने अपने दोस्त रोहित (निवासी फतेहपुर, शामली) को शिकार बनाया। अर्जुन ने रोहित को बहाने से बुलाया और रास्ते में उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद अर्जुन और उसके साथियों ने मिलकर गला घोंटकर रोहित की हत्या कर दी। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। साक्ष्यों को मिटाने और दुनिया को यह दिखाने के लिए कि अर्जुन की मौत सड़क हादसे में हुई है, उन्होंने रोहित के शव को ऑल्टो कार की ड्राइविंग सीट पर बिठाया और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी अर्जुन और उसका भाई विजय बिहारीगढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि उनके साथी हरिद्वार क्षेत्र के हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

Leave a Reply