न्यूयॉर्क की सड़कों पर लहराया तिरंगा: 43वें इंडिया-डे परेड में दिखी भारतीय संस्कृति और एकता की झलक. रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा बने आकर्षण का केंद्र

अमेरिका के ईस्ट कोस्ट की सबसे बड़ी गैर-लाभकारी संस्था Federation of Indian Associations (FIA : NY-NJ-CT-NE) ने रविवार को न्यूयॉर्क की मैडिसन एवेन्यू पर भव्य 43वां इंडिया-डे परेड आयोजित किया। इस मौके पर हजारों लोगों ने भाग लिया और भारतीय संस्कृति, एकता और देशभक्ति के रंगों का शानदार नजारा देखा।

इस बार परेड की थीम थी – ‘सर्वे सुखिनः भवन्तु’ (सब लोग सुखी और समृद्ध रहें), जो भारतीय समुदाय की एकता और भाईचारे का प्रतीक बनी।

इस अवसर पर बॉलीवुड के लोकप्रिय स्टार्स रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा मुख्य अतिथि (Grand Marshals) के रूप में मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी से परेड का उत्साह दोगुना हो गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” की गूंज सुनाई दी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी खास बना दिया।

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एरिक एडम्स ने भारतीय समुदाय की तारीफ करते हुए कहा –
“यहां इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखना बहुत अच्छा है। आप शहर के लिए शानदार काम कर रहे हैं, इसे जारी रखें।”

न्यूयॉर्क स्थित भारत के कॉन्सुल जनरल बिनया एस. प्रधान ने कहा –
“यह भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। यह बताता है कि भारतीय-अमेरिकन समाज ने यहां कितनी बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।”

इसके अलावा सांसद सतनाम सिंह संधू, अमेरिकी सांसद श्री थनेदार, मेयर नीना सिंह और सिबू नायर सहित कई सम्मानित अतिथि इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

FIA के अध्यक्ष सौरिन पारिख ने कहा –
“यह परेड हमारी एकता और मजबूती का प्रतीक है। यह हम सबके लिए गर्व का क्षण है।”

FIA चेयरमैन अंकुर वैद्य ने जोड़ा –
“यह परेड भारतीय-अमेरिकी समुदाय की जीवंतता को दर्शाती है और बताती है कि हमारी संस्कृति कितनी खूबसूरती से अमेरिकी मूल्यों के साथ जुड़ती है।”

परेड में 34 शानदार झांकियां, 21 मार्चिंग ग्रुप और 20 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल थीं। ISKCON NYC की भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा ने इस कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग दिया।

परेड मार्ग पर भारतीय राज्यों की विविधता को दर्शाती झांकियां, पारंपरिक वेशभूषा में लोग और जोशीली धुनों पर थिरकते कलाकार सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहे थे।

क्रिकमैक्स कनेक्ट (Cricmax Connect) की झांकी ने अमेरिका में बढ़ते क्रिकेट प्रेम को दर्शाया। वहीं 38 सांस्कृतिक स्टॉल पर भारतीय कला, परंपरा और आधुनिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में पारंपरिक नृत्य और आधुनिक प्रस्तुतियों का सुंदर संगम देखने को मिला।

FIA ने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय संस्कृति का जश्न मनाते हुए अमेरिकी समाज में बेहतर तरीके से घुल-मिलना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। संगठन युवाओं को जोड़कर पारदर्शी और असरदार काम करने के लिए जाना जाता है।

Leave a Reply